नई दिल्लीभारत के कॉपरेरट क्षेत्र से वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने विकास दर को नौ प्रतिशत सालाना से ज्यादा करने की दिशा में काम करने का मंत्र देते हुए मशवरा दिया है कि अंतरराष्ट्रीय कंपनियों का अधिग्रहण इस मकसद को हासिल करने में बेशक सहायक है।
बेहतरीन योगदान के लिए भारतीय कंपनियों को पुरस्कृत करने के मौके पर चिदंबरम ने कहा कि कंपनियों की ग्लोबल महत्वाकांक्षाओं को बरकरार रखने और विदेशी कंपनियों के अधिग्रहण के लिए सरकार हर संभव मदद करगी। एक निजी टीवी चैनल द्वारा आयोजित बिजनेस लीडरशिप अवॉर्डस 2007 के दौरान चिदंबरम ने कहा 'भारत को विश्व अर्थव्यवस्था के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने की ऊर्जा देने वाली शख्सियतों को मैं सलाम करता हूं।'
भारत की अर्थव्यवस्था के विकास की दर के नौ प्रतिशत तक पहुंचने के पीछे वित्त मंत्री ने भारतीय कंपनियों के योगदान को सराहते हुए कहा 'जाओ और विदेशी कंपनियां खरीदो।' चिदंबरम ने कहा 'टाटा स्टील को सेटअप करने के लिए दशकों पहले जब जमशेद जी टाटा विदेशों में पूंजी तलाश रहे थे तब उन्हें भारतीय उद्यमी कहकर नकारा गया था और पिछले साल टाटा समूह ने कोरस को अधिग्रहीत किया। इतने सालों में भारतीय अर्थव्यवस्था में यह अंतर आया है।'