|
धर्मशाला :भारतीय जनता पार्टी ने आरोप लगाया है कि परिवहन और पर्यटन मंत्री जी.एस. बाली मैक्लोडगंज में बस अड्डा और पार्किग की आड़ में भव्य होटल बनाने के लिए नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
पार्टी नेता आईडी धीमान के नेतृत्व में गठित कमेटी ने शनिवार को मैक्लोडगंज में बीओटी के तहत निर्माणाधीन बस अड्डा व पार्किग स्थल का दौरा कर प्रशासनिक अधिकारियों की कोताही को दोषी करार दिया। आईसीएच धर्मशाला में दौरा कर लौटी कमेटी सदस्यों ने कहा कि इस निर्माण में नियमों की पूरी तरह से अनदेखी की गई है। वन भूमि पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने 4835 वर्गमीटर में बस स्टैंड निर्माण व 930 वर्ग मीटर में पार्किग स्थल निर्माण की मंजूरी प्रदान की थी, जबकि बस अड्डा मैनेजमेंट अथॉरिटी ने 930 वर्ग मीटर क्षेत्र में पार्किग के स्थान पर कॉम्प्लैक्स का निर्माण कर दिया है।
कार्य प्रारंभ होने पर किसी भी विभाग से औपचारिक स्वीकृति तक नहीं ली गई और न ही किसी ने यह जानने का प्रयास किया कि वास्तव में यहां निर्माण किस चीज का हो रहा है। कमेटी ने कहा कि इस मामले को भाजपा ने विधानसभा में उठाया तो सीएम ने जांच के आदेश देने का आश्वासन दिया था। वहीं डीसी कांगड़ा ने भी सीईसी कमेटी के समक्ष निर्माण कार्य रोकने की झूठी गवाही देकर भ्रमित करने का प्रयास किया है। कमेटी अतिशीघ्र पार्टी को अपनी रिपोर्ट सौंपकर इस मामले को विभिन्न मंचों से उठाकर जनता के समक्ष लाएगी। कमेटी में भाजपा विधायक रविंद्र रवि, रमेश ध्वाला व भाजपा प्रदेश प्रवक्ता किशन कपूर व भाजपा के तकनीकी सैल के अध्यक्ष सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर अमर ंिसंह शामिल थे।