नई दिल्ली: हरियाणा कांग्रेस संगठन में नियुक्तियों के बाद राज्य के 28 माह पुराने हुड्डा मंत्रिमंडल के विस्तार का रास्ता भी साफ हो गया है। हुड्डा शनिवार शाम दिल्ली पहुंच रहे हैं और दो दिन के दिल्ली प्रवास के दौरान वे विस्तार को लेकर केंद्रीय नेताओं के साथ बातचीत करेंगे। कांग्रेस हाईकमान के शीर्ष सूत्रों के मुताबिक, यदि सब कुछ तय योजना के तहत हुआ तो हुड्डा मंत्रिमंडल का विस्तार अगले सप्ताह किसी भी दिन हो सकता है।
मुलाना को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त कर दिए जाने के बाद मंत्रिमंडल में खाली पदों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। इनमें से मांगेराम गुप्ता को मंत्री बनाया जाना जहां करीब-करीब तय है वहीं शेष दो पदों को लेकर कयासों का दौर जारी है। हुड्डा के करीबी सूत्रों के मुताबिक, इस बार के विस्तार में राज्य के पुराने औद्योगिक जिले फरीदाबाद को प्रतिनिधित्व देने पर भी विचार जारी है। यहां मंत्री पद पर पूर्व मंत्री एसी चौधरी या हसनपुर के विधायक उदयभान की ताजपोशी हो सकती है।
मनु शर्मा प्रकरण में नैतिक आधार पर इस्तीफा देने वाले हुड्डा के खासमखास और पूर्व बिजली मंत्री विनोद शर्मा को फिर से मंत्रिमंडल में जगह दिए जाने के लिए भी एक खेमा दबाव बना रहा है, लेकिन इस पर अंतिम फैसला हाईकमान ही लेगा। मंत्रिमंडल में जगह पाने के दावेदारों में एक स्पीकर रघुवीर सिंह कादियान भी हैं।
हुड्डा के करीबी सूत्रों का कहना है कि उनकी कोशिश कम से कम एक मंत्री पद खाली रखने की होगी। मुख्यमंत्री का खेमा मौजूदा मंत्रियों के विभागों में भी बड़े पैमाने पर फेरबदल के साफ संकेत दे रहा है। विधायक कर्ण सिंह दलाल का प्रस्तावित प्रशासनिक सुधार आयोग का चेयरमैन बनना एकदम निश्चित है।