bhaskar Web English
HomeNewsInternational International

लाइव का चक्कर, आकाश में टक्कर

फोनिक्स (एरिजोना) :एक संदिग्ध अपराधी की लॉरी का पीछा कर रही पुलिस कार का लाइव कवरेज करने के फेर में दो टीवी चैनलों के हेलिकॉप्टरों की शुक्रवार को आकाश में भिड़ंत हो गई और उन पर सवार चारों लोगों को जान गंवानी पड़ी। अमेरिकी चैनलों के इतिहास में यह अपने ढंग का पहला मामला है। टीवी स्टेशन स्टूडियो में लौटते इससे पहले दर्शकों ने जमीन पर मौजूद कैमरों से मौत के इस लाइव कवरेज की एक झलक तो देख ही ली।

इस हादसे में आकाश में भिड़ने वाले हेलिकॉप्टर केएनएक्सवी टीवी के चैनल 15 और केटीवीके टीवी के चैनल 3 के थे। मृतकों की शिनाख्त केएनएक्सवी के पायलट और रिपोर्टर-क्रेग स्मिथ और कैमरामैन रिक क्रोलाक और केटीवीके के पायलट स्कॉट बोवरबैंक और कैमरामैन जिम कॉक्स के रूप में की गई है।

पुलिस ने संदिग्ध लॉरी के जांच के लिए नहीं रुकने पर उसका पीछा शुरू किया था। एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार नीचे ट्रैफिक जाम लगा हुआ था और ऊपर आसमान में दो हेलिकॉप्टर टकरा जाने से सभी की सांसें थम गई थीं। इस बीच जिस लॉरी का पीछा पुलिस कर रही थी, उसका ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर दूसरे ट्रक में सवार होकर भाग गया।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार आमतौर पर ऐसे लाइव कवरेज से पहले हेलिकॉप्टर एयर कंट्रोलरूम से संपर्क साधकर जानते हैं कि आसमान साफ है या नहीं। अब इस बात को जांचा जाएगा कि टकराने से पहले क्या दोनों हेलिकॉप्टर कंट्रोलरूम से संपर्क में थे।


[an error occurred while processing this directive]