बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान ने वन-डे (184 विकेट) के बाद अब टेस्ट क्रिकेट में 150 विकेट पूरे कर लिए हैं। वे यह उपलब्धि पाने वाले 11वें भारतीय गेंदबाज हैं। अब 49 टेस्ट में उनके 152 विकेट हो गए हैं। देखा जाए तो जहीर इन दिनों जबरदस्त फॉर्म में हैं। रफ्तार व स्विंग कराने में माहिर जहीर ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्डस टेस्ट में 4/79 व 2/62 के बाद ट्रेंटब्रिज में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 4/59 रन का प्रदर्शन करने में सफल रहे।
काउंटी से मिली लय देखा जाए तो जहीर की गेंदबाजी में निखार काउंटी क्रिकेट के कारण हुआ है। गत काउंटी सत्र में उन्होंने वूस्टरशायर का प्रतिनिधित्व करते हुए 70 से ज्यादा विकेट लिए थे। काउंटी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन एसेक्स के खिलाफ था जब उन्होंने दस में से 9 विकेट लिए थे।
चैपल ने दी थी दिक्कत जहीर के लिए क्रिकेट का कुछ समय खराब बीता था जब कोच ग्रेग चैपल उनसे न केवल नाराज थे बल्कि टीम से भी उनकी छुट्टी कर दी थी। जहीर ने ऐसी परिस्थिति में स्वयं को काउंटी क्रिकेट में व्यस्त कर लिया। काउंटी में उनका प्रदर्शन इतना अच्छा रहा कि उन्हें टीम इंडिया में शामिल करना ही पड़ा।
लगातार ले रहे हैं विकेट जहीर विकेट लेने में किसी से पीछे नहीं है। वे लगातार टेस्ट विकेट ले रहे हैं। गत 22 पारियों में से 20 बार वे विकेट लेने में सफल रहे। इन पारियों में उन्होंने चार बार चार-चार विकेट और तीन बार तीन-तीन विकेट लिए।
इसके अलावा एक बार वे पांच विकेट (विरुद्ध बांग्लादेश 2007) लेने में भी सफल रहे। 2002-2003 में जहीर जबरदस्त फॉर्म में थे। उस समय उन्हें 16 टेस्ट मैचों में 54 विकेट मिले थे। उनकी गेंदबाजी का औसत 30.00 था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिसबेन टेस्ट में 95 रन देकर 5 विकेट लिए थे। ये पांचों स्थापित बल्लेबाज थे।