इंदौर:वे दोनों युवक घर पर पिता के नाम एक चिट्ठी छोड़कर निकले थे, जिसमें लिखा था कमाने जा रहे हैं। इनमें से एक को करियर और दूसरे युवक को पीएमटी कोचिंग के लिए रुपए की जरूरत थी। तरीका अपनाया एटीएम से रुपए लूटने का। उन्होंने सांवेर रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंदौर की सुखलिया शाखा के एटीएम में शनिवार तड़के जमकर तोड़फोड़ की। गश्त कर रहे जवानों ने दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार युवकों के नाम विक्रम आर्य निवासी शंकरगढ़ कॉलोनी सिविल लाइन सागर एवं शेरसिंह शेखावत निवासी नागरी जयपुर दोनों हाल मुकाम गणोशधाम इंदौर हैं। विक्रम के पिता एक फैक्टरी में काम करते हैं, जबकि शेरसिंह के पिता सरकारी विभाग में ड्राइवर हैं। दोनों के घर आमने-सामने हैं। विक्रम 12वीं पास कर चुका है, जबकि शेरसिंह 12वीं में पढ़ रहा है। विक्रम को डॉक्टर बनने के लिए पीएमटी की कोचिंग के लिए रुपए की जरूरत थी, जबकि शेरसिंह एक बार 12वीं में फेल हो चुका है उसे नए करियर के लिए रुपए की आवश्यकता थी। इसी वजह से दोनों ने मिलकर एटीएम से रुपए चुराने की योजना बनाई और साथ में बड़ा घन और एक छैनी लेकर ये देर रात बैंक परिसर में पहुंचे। गार्ड नहीं होने पर दरवाजे का लॉक खोलकर एटीएम के अंदर घुसे और कैमरे में पेपर ठूंस दिए और लॉकर पर घन से कई प्रहार किए।
तड़के पौने चार बजे गश्त के लिए निकले आरक्षक विनोदसिंह ठाकुर व कृष्णकुमार पटेल ने दोनों को रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया। बैंक अफसरों को एटीएम में करीब एक लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है। टीआई तरुणोंद्रसिंह बघेल ने बताया दोनों पर एटीएम में अवैध रूप से प्रवेश कर तोड़फोड़ का प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों युवक झोले में मार्कशीट रख कर लाए थे। योजना थी कि रुपए मिलने के बाद बड़े शहर की ओर कूच कर देंगे, वहीं अच्छी कोचिंग कर करियर बनाएंगे।