|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर: नक्सली विस्फोट से 10 दिन का ब्लैक आउट झेलने के बाद नई लाइन बिछाने का फैसला किया गया था। प्रोजेक्ट तैयार होने के बाद विद्युत मंडल अध्यक्ष राजीब रंजन ने आज जगदलपुर, कांकेर और कोंडागांव जाकर स्थल निरीक्षण किया। इसके बाद पूरे कार्य के लिए 42.31 करोड़ रुपए की मंजूरी दी।
श्री रंजन ने बताया कि नई लाइन बिछाने के लिए करीब 20 किमी घना जंगल पार करना होगा। इसके लिए राज्य और केंद्र सरकार के वन विभागों से क्लीयरेंस की जरूरत होगी। केंद्रीय वन मंत्रालय के अधिकारियों से मिलने के लिए शीघ्र ही वे मंडल के अफसरों के साथ दिल्ली जाएंगे। क्लीयरेंस के बाद ही नई लाइन बिछाने का काम शुरू हो पाएगा।
श्री रंजन ने बताया कि भिलाई से बारसूर के बीच 220 केवी की लाइन के माध्यम से ही बस्तर में बिजली सप्लाई की जाती है। आपात स्थिति से निपटने के लिए वैकल्पिक लाइन की व्यवस्था की जा रही है। इस क्षेत्र में एनएमडीसी, रेलवे और एस्सार जैसे महत्वपूर्ण संस्थान हैं।
उन्हें बिजली सप्लाई के लिए केवल 220 केवी की लाइन है। नक्सलियों ने 220 केवी लाइन के तीन टावरों को ही विस्फोट से उड़ा दिया। इस कारण बस्तर में अब गैरपरंपरागत बिजली उत्पादन के विभिन्न स्रोतों को भी बढ़ावा देने की योजना है। इसके तहत छोटे-छोटे अनेक संयंत्र स्थापित किए जाएंगे।