bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

सम्राट अशोक का भारत बनाएगी बसपा : मौर्य

ग्वालियर,पिछड़ा वर्ग आयोग उत्तरप्रदेश के चेयरमैन पारस नाथ मौर्य ने कहा है कि बहुजन समाज पार्टी भारत को सम्राट अशोक का भारत बनाएगी। इसके लिए समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व, न्याय के आधार पर समाज की स्थापना के प्रयास उत्तरप्रदेश से शुरू हो गए हैं।

श्री मौर्य ग्वालियर में मेला रंगमंच पर आयोजित कुशवाह समाज के संभागीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कुशवाह समाज से अपील की कि वे बसपा को अपनी पार्टी मानें, यही पार्टी उन्हें मान-सम्मान दे सकती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी यूपी के पैटर्न पर सच्चाई, ईमानदारी व निष्ठा से काम किया जाए जिससे एमपी में आगामी सरकार बसपा की हो। उन्होंने कहा कि बसपा ने अब टिकटों के वितरण का फामरूला बदला है। अब उस समाज के लोगों को टिकट मिलेंगे जिसकी चुनावी तैयारी अच्छी है, भले ही उस समाज के लोगों की संख्या कम क्यों न हो जबकि पहले ज्यादा जनसंख्या वाले समाज के लोगों को टिकट दिए जाते रहे ।

सम्मेलन में मध्यप्रदेश बसपा के प्रभारी व उप्र के एमएलसी धर्मप्रकाश भारती ने कहा कि देश में जिस समय साइमन कमीशन आया था, उस समय पिछड़े तबके के लोगों ने बाबा साहब अंबेडकर की बात मान ली होती तो आरक्षण कब का मिल गया होता। कुशवाह समाज बसपा को अपनी पार्टी मानकर इसके जनाधार को व्यापक बनाने के लिए अभी से मेहनत करे तब हम अगले चुनाव में मध्यप्रदेश की सत्ता फतह कर सकेंगे।

बसपा के प्रदेश अध्यक्ष भुजबल अहिरवार ने कहा कि भाजपा व कांग्रेस ने कुशवाह समाज को सक्रिय होते देख इस समाज के लोगों को बरगलाने की चालें तेज कर दी हैं। भोपाल में पिछले दिनों बसपा ने कुशवाह समाज के प्रदेशभर के 200 अगुआओं से राजनीतिक चर्चा की तो अगले दिन भाजपा सरकार ने बाबूलाल कुशवाह को पिछड़ा वर्ग आयोग का अध्यक्ष बनाकर लालबत्ती दे दी। हमें ऐसे तात्कालिक प्रलोभनों से बचना है, अन्यथा आने वाले चुनाव में भटकाव का शिकार हो सकते हैं।

बसपा के प्रदेश सचिव बैजनाथ कुशवाह ने कहा कि कुशवाह समाज को राजनीतिक पहचान सिर्फ बसपा ने ही दी है। बसपा से पहले सत्ता में कुशवाह समाज का कोई एमएलए व एमपी नहीं था। बीते 60 वर्षो का इतिहास गवाह है कि सरकार की किसी कमेटी में कुशवाह समाज का कोई प्रतिनिधि नहीं था। अब भाजपा व कांग्रेस की नजरें कुशवाह समाज पर लगी हैं लेकिन सावधान रहने की जरूरत है।


[an error occurred while processing this directive]