|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर: बिल्हा ब्लाक के ग्राम पिरैया में एक व्यक्ति के कब्जे से सार्वजनिक नल को छुड़ाया गया। राजस्व विभाग के शिविर में यह शिकायत मिली थी, जिस पर कार्रवाई की गई। कलेक्टर सुबोध सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग ने ग्राम पिरैया में आज जनसमस्या निवारण शिविर लगाया था।
शिविर में लोगों ने बताया कि साधूराम नाम के एक व्यक्ति ने गांव के सार्वजनिक हैंडपंप पर अपना कब्जा जताते हुए उसे चारदीवारी बनाकर घेर लिया है। शिविर में उपस्थित एसडीएम संजय अग्रवाल ने इस बाबत पूछताछ की, तो उन्हें पता चला कि हैंडपंप बिगड़ने पर उसका कोई पार्ट्स पंचायत द्वारा न लगाने पर उक्त व्यक्ति ने अपने खर्च पर उसे लगवाया था।
इसके बाद से हैंडपंप पर अपना हक जताते हुए गांव के दूसरे लोगों को उससे पानी निकालने से रोक दिया गया। घर के पास ही हैंडपंप होने का फायदा उठाते हुए उसने दीवार बनाकर उसे घेर भी लिया। उससे सिर्फ उसी का परिवार पानी लेता था। गांव वाले इससे त्रस्त थे।
शिकायत मिलने पर एसडीएम ने दीवार तुड़वाकर हैंडपंप को सार्वजनिक उपयोग के लिए खुलवा दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा इस तरह की हरकत करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिविर में आज राजस्व विभाग के अधिकारियों को 232 आवेदन मिले। इसमें से 226 का निराकरण किया गया। बाकी छह आवेदनों को प्रशासनिक स्तर पर निपटाने के लिए रख लिया गया है।
ज्यादातर मामले बी-वन, खसरा, ऋण पुस्तिका, जाति, आमदनी प्रमाणपत्र, इंदिरा आवास आदि से संबंधित थे। कुछ लोगों ने गरीबी रेखा में नाम जोड़ने की मांग भी की। ऐसे लोगों को बताया गया कि हर साल होने वाले सर्वे में ही इस सूची में नाम जुड़वाया जा सकता है। कुछ लोगों ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन न मिलने की शिकायत की। उनके मामलों को भी वहीं निपटा दिया गया।