|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर: आयकर विभाग ने इस बार ई-रिटर्न की सुविधा सबके लिए खोली है और लोग इसका काफी उपयोग भी कर रहे हैं, लेकिन अब भी सीधे दफ्तर में रिटर्न जमा करनेवालों की संख्या ज्यादा है। आयकर विभाग के विभिन्न रेंज और वार्डो में रोजाना सैकड़ों रिटर्न जमा किए जा रहे हैं।
आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए तीन दिन बाकी हैं। विभाग ने अवकाश के दिन भी रिटर्न जमा करने की सुविधा दी है, इसलिए कल, 29 जुलाई को भी रिटर्न फाइल होंगे। इसके बाद विभाग पेनाल्टी वसूलेगा। रायपुर के 3 सर्कल और 7 वार्डो में विशेष काउंटर खोले गए हैं। आज इनमें सुबह से भीड़ लगी।
रविवार को सरकारी नौकरी वालों के भीड़ लगने की संभावना है। अफसरों ने बताया कि राजधानी में आयकर भवन के सभी 10 काउंटरों में आज लगभग 2500 से अधिक फार्म जमा हुए। प्रदेश में करीब 4 लाख आयकरदाता हैं। इस साल विभाग ने 20 लाख करदाता बढ़ाने का लक्ष्य रखा है।
डिजिटल हस्ताक्षर जरूरी नहीं अधिकारियों ने बताया कि इंटरनेट के जरिए रिटर्न दाखिल करने डिजिटल हस्ताक्षर जरुरी नहीं है। यदि यह लोगों के पास न हो, तो उनके लिए विभाग ने उपाय किया है। इंटरनेट पर रिटर्न दाखिल करने के बाद उन्हें वेरिफिकेशन सीट शीट दफ्तर में जमा करनी होगी।
कंपनियों के लिए 31 अक्टूबर कंपनियों के लिए रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर रखी गई है। उन्हें 26 पेज का फार्म जमा करना होगा। उनके लिए ई-रिटर्न अनिवार्य है। डिजिटल हस्ताक्षर की जगह वे बार कोड का सहारा ले सकेंगे।
कोई कागजात जरुरी नहीं आयकर विभाग ने रिटर्न दाखिल करने केवल एक फार्म रखा है। इसमें साथ दस्तावेज नहीं देने होंगे। नौकरीपेशा लोगों के लिए दो पेज का फार्म है। व्यापारियों को 26 पेज का फार्म भरना होगा। रिटर्न में वित्तीय वर्ष 2006 -07 की आय का ब्योरा देना होगा।
डाक से स्वीकार्य नहीं डाक विभाग में आयकर रिटर्न दाखिल करने की सुविधा समाप्त कर दी गई है। आयकर विभाग का मानना है कि डाक विभाग में फार्म जमा करने से कई तरह की समस्याएं आती थी। लोग फार्म गलत भरते थे, जिन्हें बाद में सुधारने में दिक्कत होती थी।