Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

बदमाशों ने पुलिस को लहुलूहान कर बाइक छीनी

भोपाल,राजधानी में बदमाशों ने सरेराह लूट की वारदातों के बाद अब सीधे पुलिस को चुनौती दी है। पिपलानी क्षेत्र में शनिवार की दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक पर सवार तीन युवकों ने दो सिपाहियों पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और उनकी चीता मोटर साइकिल लेकर भाग निकले। इनमें से एक आरोपी हत्या के मामले में फरार चल रहा है। शहर में एक महीने से कम समय में पुलिस पर हमले की यह दूसरी वारदात है। छह जुलाई को भी कमला नगर इलाके में चार बदमाशों ने दो आरक्षकों पर गोली चलाई थी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे।

शनिवार की दोपहर लगभग एक बजे सिपाही अखिलेश त्रिपाठी और ज्वैल लकड़ा पिपलानी थाना क्षेत्र में चीता मोबाइल (मोटर साइकिल) के साथ पेट्रोलिंग कर रहे थे। उसी समय उन्होंने जेके रोड पर बिना नंबर वाली एक काली पल्सर पर तीन युवकों को जाते देखा। सिपाहियों ने युवकों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने पल्सर की गति बढ़ा दी। दोनों जवानों ने बाइक का पीछा किया और कल्पना नगर तक आ गए। यहां उन्होंने युवकों को रोका और बाइक की चाबी निकाल ली। अचानक तीनों युवकों ने चाकू निकाले और दोनों सिपाहियों पर हमला बोल दिया। यह सब इतनी तेजी से हुआ कि सिपाही अपना बचाव भी नहीं कर सके।

इसके बाद युवकों ने चीता बाइक ली और एसओएस बालग्राम की तरफ भाग खड़े हुए। सिपाहियों ने तत्काल कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दी। पास की बीट पर तैनात सिपाही राघवेंद्र और बैनी प्रसाद ने अवधपुरी के पास युवकों को एक आटो में आते देख उन्हें पकड़ लिया, लेकिन आरोपी उनसे भी झूमाझटकी कर भागने में सफल रहे। बाद में पुलिस ने चीता मोबाइल जंबूरी मैदान से बरामद की है।

रायफल होती है साथ: चीता मोबाइल पर तैनात सिपाही के पास एक रायफल और एक फाइबर का डंडा होता है। साथ ही लोहे के दो हेलमेट और वायरलेस सेट भी लेकर चलना होता है। जब बदमाशों ने सिपाहियों पर हमला किया तो उन्हें रायफल संभालने का भी मौका नहीं मिला।

एक हत्या का आरोपी: पुलिस पर हमला करने वालों में से एक युवक की पहचान कर ली गई है। उसका नाम रतन बताया गया है। वह गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में अपने दोस्त पप्पू की हत्या का आरोपी है। रतन के खिलाफ हत्या के प्रयास के भी मामले दर्ज हैं। उस पर पांच हजार रुपए का इनाम भी है। उसके दो साथियों की पुलिस ने पहचान कर ली है।

छावनी बना इलाका: आरोपियों की तलाश में अवधपुरी, बीडीए कालोनी, अमरावतखुर्द, जय हिन्द कालोनी, आजाद नगर, पंछी विहार समेत समूचे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। घेराबंदी में लगभग डेढ़ सौ जवान लगाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार सिंह और एएसपी जीके पाठक भी लंबे समय तक इलाके में मौजूद थे।

मदद के लिए पुकारा रहा सिपाही-प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सिपाहियों के घायल होते ही एक बदमाश ने उसकी रायफल छीनकर बट से उसकी जमकर पिटाई की। सिपाही मदद के लिए चीखता चिल्लाता लगाता रहा, लेकिन कोई वहां नहीं पहुंचा। इस बीच एक महिला ने घर से बाहर निकल कर देखा। वहां तीन बदमाश सिपाही को बेरहमी से पीट रहे थे। घर का दरवाजा खुला देख लहूलुहान सिपाही जान बचाने के लिए महिला के घर में घूस गया। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए।

पुलिस पर हमले की दूसरी वारदातछह जुलाई को कमला नगर इलाके में कार सवार चार बदमाशों ने ऐशबाग थाने में पदस्थ सिपाही विनय शर्मा और कमला नगर थाने के सिपाही रामसिंह पर गोली चला दी थी। पुलिस ने इस मामले में अखिलेश अलपुरिया और जीतू ठाकुर को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हैं। एमपी नगर इलाके में लच्छू नेपाली नामक बदमाश ने एक सिपाही को तलवार मार दी थी। ठीक इसी प्रकार की घटना पिछले सप्ताह इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में हुई थी, जहां चैकिंग के दौरान बदमाशों ने पुलिस जवानों पर गोली चला दी थी। जवाबी कार्रवाई में आशीष नामक बदमाश मारा गया था।


[an error occurred while processing this directive]