bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

पांच स्कूलों में ताले, छात्र सड़क पर

ग्वालियर,सराफा हायर सेकेण्डरी स्कूल परिसर में लगने वाले पांच प्राइमरी स्कूलों के छात्र एक घंटे से अधिक सड़क पर घूमते रहे। ऐसा स्कूल के मुख्यद्वार की चाबी मिडिल स्कूल के प्रभारी के पास होने के कारण हुआ। इस घटनाक्रम के लिए विभिन्न स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों की आपसी खींचतान को भी कारण माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत के सीईओ के निर्देश पर सराफा स्कूल में लगने वाले मिडिल स्कूल का समय शनिवार से सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, सुबह 7 बजे पांच प्राइमरी स्कूलों प्रावि सराफा, निम्बालकर की गोठ, पहाड़ीमाता, खुर्जेवाला मोहल्ला तथा भापकर की गोठ स्कूलों के छात्र जब स्कूल पहुंचे तो मुख्यद्वार पर ताला लगा मिला। ताला बंद होने से छात्र सड़कों पर घूमते रहे। करीब आधा घंटे बाद एक शिक्षक पास में रहने वाले हायर सेकेण्डरी स्कूल के लिपिक के घर पहुंचा और उससे अतिरिक्त चाबी ले आया फिर मुख्यद्वार खोला गया। अब समस्या पैदा हुई कि प्राइमरी स्कूलों के भवन कैसे खोले जाएं? इस बीच एक अन्य शिक्षक मिडिल स्कूल में पदस्थ भृत्या के निवास से इनके द्वार की चाबियां लेकर आया। इतना सब होने में करीब एक घंटे से अधिक समय लग गया।

इस घटना की खबर मिलने के बाद बीएसी (ब्लाक एकेडेमिक को-आर्डिनेटर) विष्णु उमडेकर स्कूल पहुंचे और मामले की जांच की, उन्होंने सभी प्राइमरी स्कूल प्रमुखों व शिक्षकों के बयान दर्ज किए व रिपोर्ट बीआरसीसी चंद्रशेखर श्रीवास्तव को सौंप दी। इस मामले में मिडिल स्कूल प्रभारी से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। जिला शिक्षा अधिकारी केके द्विवेदी ने इस मामले को गंभीरता से लिया और दोषी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


[an error occurred while processing this directive]