News
Chhattisgarh
Raipur Raipur जगदलपुर: बीजापुर इलाके में शनिवार की दोपहर प्रेशर बम फटने से एक एसपीओ की मौत हो गई। वहीं सुबह साथी की लापरवाही से गोली चल जाने से एक आरक्षक घायल हो गया। एक अन्य घटना में शुक्रवार की रात नक्सलियों ने एक सलवा जुडूम समर्थक की हत्या कर दी।
बीजापुर थाने से गंगालूर मार्ग पर पुलिस और एसपीओ की एक संयुक्त टुकड़ी शनिवार को गश्त पर निकली थी। इसमें डीएफ के चार जवान और 15 एसपीओ थे। पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब एक बजे टुकड़ी पामलवाया के करीब से गुजर रही थी। इसी दौरान एसपीओ बिच्चम फूलमादी मार्ग के किनारे की पुलिया पर बैठ गया। कुछ देर सुस्ताने के बाद जब वह उठकर चलने को हुआ तो वहीं छिपाकर रखे गए प्रेशर बम पर उसका पैर पड़ गया और विस्फोट के साथ ही मौके पर उसकी मौत हो गई।
एक अन्य घटना में बीजापुर थाने में सुबह करीब नौ बजे हथियार सफाई करते वक्त आरक्षक सुरेंद्र बंशी की एसएलआर से गोली चल गई, जो आरक्षक रजनीकांत के बाएं पैर में लगी। जख्मी रजनीकांत को बीजापुर हास्पिटल में भर्ती किया गया है। सफाई के वक्त गलती से गोली राइफल में रह गई थी।
गंगालूर से तीन किमी दूर डोडापारा में शुक्रवार की रात करीब 8 बजे हथियारबंद नक्सली और संघम सदस्य आ धमके। यहां इन्होंने हेमला आयतू के घर को घेर लिया। इसके बाद दरवाजा खटखटाकर उसे बाहर निकाला और घसीटते हुए गांव के बाहर ले गए। जहां धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। हेमला सलवा जुडूम मुहिम से जुड़ा था और इसी वजह से माओवादी उससे नाराज थे।