bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

वीसी के प्रवेश से कांग्रेस को लाभ: इंग्रिड

बिलासपुर: सांसद इंग्रिड मेक्लाउड का मानना है कि विद्याचरण शुक्ल के कांग्रेस प्रवेश से पार्टी में संतुलन बनेगा और गुटबाजी पर काफी हद तक अंकुश लग जाएगा। उन्होंने प्रदेश में केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की हालत खराब बताते हुए कहा कि इस संबंध में केंद्र व प्रदेश सरकार से कार्रवाई की मांग की जाएगी।

श्रीमती मेक्लाउड शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों से चर्चा कर रही थीं। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार महिला राष्ट्रपति बनना एक इतिहास है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के प्रयासों से यह संभव हो पाया है। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसने महिलाओं को आगे बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि एक समय देश में छत्तीसगढ़ की छवि प्राकृतिक संपदा से धनी प्रदेश की थी, अब इसे नक्सली प्रभावित राज्य के तौर पर जाना जाता है। केंद्र सरकार से पर्याप्त सहयोग और पैसा मिलने के बाद भी राज्य सरकार नक्सली समस्या से निपटने में नाकाम है। इसकी प्रमुख वजह राज्य के आदिवासियों तक केंद्रीय योजनाओं का लाभ न पहुंच पाना है।

आदिवासी इलाकों में के लोग अभी भी समस्याओं से जूझ रहे हैं। वहां चलाई जा रही विकास योजनाओं में भारी गड़बड़ी की जा रही है। कुछ जगहों पर उन्होंने सड़क और दूसरे निर्माण कार्यो का जायजा लिया, तो पाया कि निर्धारित मापदंडों के अनुसार काम नहीं हो रहा है। इस संबंध में केंद्र सरकार को रिपोर्ट दी जाएगी और कलेक्टर से भी बात कर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें आलाकमान ने प्रदेश में संगठन की मजबूती के लिए काम करने को कहा है। वे इसी दिशा में काम शुरू कर रही हैं। इसके तहत जिले का दौरा कर कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। चुनाव के लिए कम समय बचा है, इसलिए संगठन को मेहनत करनी पड़ेगी। पिछले दो उपचुनावों में हार के कारणों की समीक्षा करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि विद्याचरण शुक्ल की कांग्रेस में वापसी के लिए उनकी ओर से लगातार प्रयास किए गए हैं। अगर अब भी इसमें कुछ देर होती है, तो अगले महीने संसद सत्र में शामिल होने के दौरान वे एक बार फिर इस मुद्दे पर आलाकमान से आग्रह करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ को वर्षो पीछे की स्थिति में धकेल दिया है।

जोगी को जवाब देना होगा एक सवाल के जवाब में श्रीमती मेक्लाउड ने कहा कि पार्टी में गुटबाजी हमेशा रही, लेकिन चुनाव के समय सभी एकजुट हो जाते हैं। जोगी जो कर रहे हैं, उसका जवाब उन्हें आलाकमान को देना पड़ेगा। वे आलाकमान के निर्देशों पर काम कर रही है। एक व दो अगस्त को शहर का दौरा करने के बाद यहां की समस्याओं पर वे कलेक्टर से चर्चा करेंगी।

अमर बताएं इस्तीफे का कारण उन्होंने कहा कि अमर अग्रवाल अब दोबारा मंत्री बन गए हैं। उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने आखिर इस्तीफा क्यों दिया था। उन्हें यहां की जनता ने चुना था और उसे यह जानने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बीमारियों से लगातार मौत हो रही है। रायगढ़ जिले में एक महीने में 60 शिशुओं की मौत हो चुकी है। इस पर स्वास्थ्य मंत्री होने के नाते श्री अग्रवाल को ध्यान देना चाहिए।


[an error occurred while processing this directive]