|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर: जिले के करीब एक हजार गांवों में ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक व स्वास्थ्य मितानिनें जल की शुद्धि-अशुद्धि का परीक्षण करेंगी।
केंद्र सरकार के निर्देशानुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग गांवों को ये सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसके लिए पहले चरण में 70 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। इन्हें फील्ड टेस्ट किट दिया जाएगा। किट में आठ पैरामीटर यानी जल के आठ तरह के परीक्षण होंगे, जिसमें भौतिक, रासायनिक व जीवाणु परीक्षण शामिल है। जल का पीएच मान, गंदलापन, कठोरता, फ्लोराइड-क्लोराइड की मात्रा, लौहतत्व, नाइट्रेट व क्षार की मात्रा का पता लगाया जाएगा।
ये तत्व जल में यदि निर्धारित क्षमता से अधिक मिलेंगे, तो उस जल का नमूना वैध शाला भेजा जाएगा और जल का क्लोरीनेशन किया जाएगा। चयनित ग्राम पंचायतों में से प्रत्येक के नीचे पांच ग्राम पंचायतों को रखा गया है, जिनके अंतर्गत आने वाले गांवों को इसका लाभ मिलेगा। हैंडपंप मैकेनिकों को जल के नमूने लेकर वैधशाला आना नहीं पड़ेगा।
जानकारी के मुताबिक लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम पंचायतों में जल गुणवत्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम रखा जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व स्वास्थ्य मितानिनों को जल की शुद्धता की जांच करना सिखाया जाएगा। टेस्ट किट में इतनी सामग्री होगी कि उससे 100 जल नमूनों का परीक्षण किया जा सकेगा। विभाग ने नागपुर की एक बड़ी कंपनी से टेस्ट किट का सेंपल मंगाया है। इसकी कीमत करीब 2900 रुपए होगी। जल्द ही 70 किट खरीदे जाएंगे। इसके बाद इनका वितरण ग्राम पंचायतों को किया जाएगा।
किस ब्लाक के कितने ग्राम पंचायत ब्लाक ग्राम पंचायतों की संख्या बिल्हा 6 मस्तूरी 7 पथरिया 8 तखतपुर 9 गौरेला 5 पेंड्रा 5 मरवाही 5 मुंगेली 8 लोरमी 8 कोटा 9
पीने योग्य जल में तत्वों की मात्रा (मिली ग्राम प्रति लीटर) पीएच मान 6.5 - 8.5 पीएच स्केल गंदलापन 2.5 - 10.0 क्षार 200-600 कठोरता 200-600 क्लोराइड 200- 1000 आयरन 0.3-1.0 फ्लोराइड 1.0- 1.5 आर्सेनिक 0.05-0.5