सिरसा: बठिंडा पुलिस ने सोमवार को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया और फिर उसी समय एक लाख रुपए के मुचलके पर रिहा कर दिया। पुलिस ने डेरा प्रमुख का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है। बठिंडा थाना प्रभारी हरविंद्र सिंह विर्क के नेतृत्व में आई पुलिस टीम ने डेरा मुखी को बठिंडा थाना में दर्ज मामले के संदर्भ में गिरफ्तार किया है।
दो यूटीलिटी गाड़ियों में सवार होकर करीब 20 पुलिस कर्मचारियों की टीम श्री विर्क के नेतृत्व में अपराह्न 3 बजे सिरसा सदर थाना पहुंची। टीम में उनके साथ इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह व बलबीर सिंह भी थे। सदर थाना प्रभारी राम सिंह बिश्नोई से मुलाकात कर टीम ने यहां अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
श्री विर्क टीम के चार सदस्यों के साथ शाम करीब साढ़े चार बजे डेरा प्रमुख से मिलने पहुंचे लेकिन मिलने से पूर्व डेरा प्रबंधक समिति की तरफ से डेरा प्रमुख के समधि व बठिंडा के एमएलए हरमिंद्र सिंह जस्सी ने पंजाब पुलिस का सहयोग करते हुए इस मामले को लेकर उनसे विस्तार से चर्चा की। इस मौके पर डेरा प्रबंधक समिति की तरफ से गुरबाज सिंह व दर्शन सिंह के अलावा सिरसा थाना सदर प्रभारी राम सिंह बिश्नोई व बठिंडा के थाना प्रभारी हरविंद्र सिंह विर्क मौजूद थे।
शाम करीब सवा सात बजे तक ये लोग डेरा प्रमुख की गुफा के पास स्थित शाह सतनाम सिंह स्टेडियम के कमरा नं.5 में विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते रहे। बाद में ये लोग डेरा प्रमुख के पास गुफा में पहुंचे और जरूरी कागजात पर हस्ताक्षर करवाकर उनकी गिरफ्तारी दिखाई और उन्हें उसी समय जमानत पर रिहा कर दिया।
बठिंडा पुलिस के आगमन की भनक डेरा प्रेमियों को न लगे, इसलिए डेरा प्रबंधकों ने उन्हें मुख्य मार्ग की बजाए गुफा के नजदीक एक अन्य मार्ग के जरिए डेरा प्रमुख तक पहुंचाया। बठिंडा पुलिस ने इस मामले में शामिल तफ्तीश के तहत डेरा प्रमुख से पूछताछ की और फिर जरूरी दस्तावेजों पर उनसे हस्ताक्षर करवाए।
इसके बाद पुलिस टीम गुफा के पास स्थित मार्ग से ही लौट गई। यहां तक कि पुलिस टीम मीडिया पर्सन से भी नहीं मिली और न ही वहां तक मीडिया पर्सन को जाने दिया गया। बठिंडा के एसपी नौनिहाल सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि डेरा मुखी संत गुरमीत राम रहीम सिंह को बठिंडा पुलिस ने डेरा मुख्यालय में जाकर शामिल तफ्तीश के तहत गिरफ्तार कर लिया था और उसी वक्त एक लाख रुपए के निजी मुचलके पर जमानत पर रिहा कर दिया गया। उन्होंने यह भी बताया कि डेरा मुखी का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया गया है।
साक्ष्य जुटाने आई बठिंडा पुलिस : डेराडेरा के प्रवक्ता डॉ. आदित्य इंसां ने कहा कि बठिंडा पुलिस के पास डेरा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह के खिलाफ दर्ज मामले के संबंध में अभी तक कोई साक्ष्य नहीं है। इसलिए पंजाब पुलिस शामिल तफ्तीश के बहाने साक्ष्य जुटाने आई है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कानूनविदों का मानना है कि डेरा प्रमुख के खिलाफ बठिंडा में दर्ज मामले में प्रथम दृष्टया कोई गुनाह नहीं बनता।
इसके बावजूद डेरा प्रमुख पर झूठा मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले में अभी तक कोई भी साक्ष्य नहीं जुटा पाई है। डॉ. इंसां ने कहा कि यह मामला राजनीति से प्रेरित है। फिर भी उन्हें न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है। डेरा प्रमुख के पासपोर्ट को पंजाब पुलिस द्वारा जब्त किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में उनके पास कोई जानकारी नहीं है।