HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

फायरिंग रेंज में विस्फोट से तीन की मौत

बीकानेर/महाजनमहाजन फायरिंग रेंज में बारूद फटने के कारण विस्फोट होने से रेवड़ चराने गए तीन व्यक्तियों की मौत हो गई।

महाजन थाना क्षेत्र में ढाणी सिपलाई निवासी श्योचन्द जाट (30), कृष्ण जाट (30) व धन्नराम जाट (55) रेवड़ चराने महाजन फायरिंग रेंज में गए थे। रविवार को फायरिंग रेंज में बारूद फटने से विस्फोट हुआ और तीनों व्यक्तियों की मौत हो गई। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे मौके पर पहुंचे और शवों को रातभर घर में रखने के बाद सोमवार को सुबह उनका दाह संस्कार कर दिया। महाजन थाना पुलिस को मामले की जानकारी मिली तो उन्होंने मौका मुआयना किया और मृतकों के परिजनों से पूछताछ की।

एसएचओ इन्द्रकुमार ने बताया कि फायरिंग रेंज में घटनास्थल का मुआयना करने से पता चला है कि तीनों ग्रामीणों ने चाय बनाने के लिए आग जलाई थी। इस दौरान विस्फोट हो गया। मौके पर चाय बनाने का सामान भी मिला है। मृतकों के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शवों का दाह संस्कार कर दिया। तीनों मृतकों के शवों पर र्छे लगे हुए थे। परिजनों ने घटना के संबंध में किसी भी तरह की रिपोर्ट देने से इंकार किया है। सैन्य अधिकारियों ने घटना के प्रति अनभिज्ञता जताई है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू की है।