कुंभलगढ़गजपुर के पास चढ़ाई चढ़ रही बस गियर फंसने के कारण ढलान पर उल्टी लुढ़ककर एक पहाड़ी से टकरा गई। दुर्घटना में बस में सवार एक दर्जन यात्री घायल हो गए, जिनमें से दो यात्रियों को राजसमंद रेफर किया गया है।
सोमवार को गजपुर घाटा चढ़ रही एक बस के गियर चटकने से बस ढलान पर उल्टी लुढ़कते हुए पहाड़ी से टकरा गई, जिससे बस में सवार एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में सादड़ी (पाली) निवासी वनदेवी व उसका पुत्र चेना लोहार के हाथ व पांव में फ्रैक्चर होने से उन्हें राजसमंद आरके अस्पताल में रेफर किया गया है।
दुर्घटना में केलवाड़ा निवासी बालीबाई लोहार, लोवानी निवासी सीता लोहार, बोर निवासी केशा लोहार, खीमाड़ा (पाली) निवासी पपुड़ी व सादड़ी निवासी दाखीबाई घायल हो गए। इनके साथ ही दुर्घटना में पांच जनों को मामूली चोटें आई। घटना की सूचना मिलते ही गजपुर चौकी प्रभारी रणजीतसिंह पुलिस जाप्ते के साथ घटनास्थल पहुंचे तथा ग्रामीणों की मदद से घायलों को चिकित्सालय पहुंचाया। इस दौरान बस रोड से उतरकर पलट गई, जिससे राजसमंद-केलवाड़ा मार्ग पर जाम लग गया।
जाम को गजपुर चौकी प्रभारी रणजीतसिंह, नाहरसिंह, ग्रामीण देवीसिंह, सोहन लौहार, कालूसिंह ने जेसीबी मशीन बुला कर रोड से बस हटवाकर खुलवा। बस को पुलिस ने जब्त कर लिया है।