साढौरा : साढौरा-पावनी मार्ग पर सरावां गांव के नजदीक पिछला टायर फटने से अनियंत्रित कार सड़क के साथ तालाब में गिर गई, जिससे ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा नाहर का एक रेस्टोरेंट मालिक, उसकी पत्नी व दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जगाधरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नाहर के माल रोड निवासी देवीदत्त जगाधरी स्थित अपनी ससुराल से अपनी पत्नी पूनम, बेटी रेनू (6) व बेटे चिराग (4) को कार में लेकर नाहन के लिए रवाना हुए थे। कार को ड्राइवर मिठून सिंह (24) चला रहा था। जब वे लोग सरावां गांव के नजदीक पहुंचे तो अचानक कार का पिछला टायर पंचर हो गया।
इसके बाद ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण हट गया। कार एक पुलिया से टकराने के बाद पलटकर पुलिया के पास खड़े पानी में गिर गई, इसी दौरान पूनम व दोनों बच्चे चलती कार से सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए, जबकि अगली सीट पर बैठे देवीदत्त व कार चालक मिठून को कार से निकलने का मौका नहीं मिला और वे कार समेत पानी में जा गिरे। पुलिया से टकराने व कार पानी में गिरने की आवाज सुनकर वहां आसपास के लोग वहां पहुंच गए।