उदयपुरजिला पुलिस ने राज्य के कई जिलों में चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का भंड़ाफोड़ करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। तीन की तलाश जारी है। अभियुक्तों से दस वारदातों का खुलासा हो चुका है।
एसपी गोविंद गुप्ता के निर्देशन में ग्रामीण एएसपी कालूलाल रावत व वल्लभनगर डिप्टी के नेतृत्व में गठित टीम ने इस गिरोह का भंड़ाफोड़ किया है। डिप्टी बृजेश सोनी ने बताया कि 29 जून को फतहनगर कस्बे में द्वारकाधीश मंदिर से दर्शन कर लौटते समय रामकुंवर पत्नी शंकरलाल अग्रवाल के गले से एक युवक दो तोले सोने की चेन झपट कर भाग गया था।
नाकाबंदी में आकोला रोड पर मोड़ाखेड़ा (कपासन) निवासी भगवानलाल पुत्र गेहरु जाट को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चेन बरामद कर ली। न्यायालय ने भगवानलाल को जेल भेज दिया। भगवानलाल की 21 जुलाई को जमानत हो गई। इस बीच फतहनगर में चेन लूट का प्रयास तथा वल्लभनगर में चेन स्नेचिंग की वारदात हुई।
ऐसे हुआ खुलासा डिप्टी बृजेश सोनी मावली जेल में भगवानलाल के बारे में पूछताछ की। जेलर प्रभुलाल ने बताया कि उसकी 21 जुलाई को जमानत हो गई। न्यायिक अभिरक्षा के दौरान दो युवक भगवानलाल से मिलने आए थे। भगवानलाल से मिलने आए युवकों का हुलिया फतहनगर व वल्लभनगर में हुई वारदातों में शामिल अभियुक्तों से मिल गया।
इस पर मावली थाने में लगे प्रशिक्षु आरपीएस मोहेश चौधरी, वल्लभनगर एसएचओ भंवरसिंह राठौड़, मावली एसएचओ विवेकसिंह राव, फतहनगर एसएचओ दलपतसिंह राठौड़ की टीम गठित की गई। टीम ने भगवानलाल के भाई मोहनलाल जाट को फतहनगर रेलवे फाटक के पास मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। मोहनलाल ने दोनों वारदातें कबूल की। इन वारदातों में डाबर (आकोला) निवासी छोटू उर्फ जगदीश भील भी शामिल था।