जोधपुर: शहर इन दिनों धर्म, आराधना और भक्ति के रंग में रंगा हुआ है। चातुर्मास करने आए विभिन्न साधु-संतों और साध्वियों के प्रवचनों का दौर चल रहा है। विभिन्न संगठनों की ओर से प्रतिदिन धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।
सुख चाहिए तो धर्माराधना करेंशास्त्रीनगर स्थित सिद्धार्थ पैलेस में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए साध्वी संयम ज्योति ने सुख के लिए धर्माराधना करने की राह बताई है। उन्होंने कहा कि सुख तो सभी चाहते हैं, मगर धर्माराधना नहीं करते। उन्होंने कहा कि चातुर्मास धर्माराधना के लिए उचित अवसर है। साध्वी ने राजा कुमारपाल के धार्मिक जीवन का उदाहरण देते हुए दया, क्षमा और परोपकार के राह पर चलने की सीख दी।
अहिंसा अभियान शुरूजैन संस्कृति रक्षा संघ, जैन समता वाहिनी व ओसवाल सांस्कृतिक मंच ने चातुर्मास पर रविवार से अहिंसा अभियान शुरू किया है। इन संस्थाओं से संबद्ध प्रेमराज मेहता, सोहन मेहता एवं दिलीप भंडारी ने बताया कि देश में बूचड़खाने खोलने की नीति को सफल नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंध में आयोजित बैठक में अनिल सिंघवी, प्रकाशमल खींवसरा, धनराज विनायकिया, सुनील मोहनोत, नरेश मेहता व रानी मेहता ने अहिंसा अभियान के प्रति संकल्प जताया।