HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

रोजगार योजना में लगेंगे शिविर

झुंझुनूं : प्रधानमंत्री रोजगार योजना के तहत शिक्षित बेरोजगार युवकों को अपने उद्योग धंधे स्थापित करने के लिए पंस स्तर पर 31 जुलाई से 17 सितंबर तक सुबह 10 से शाम पांच बजे तक शिविर लगाए जाएंगे।

जिला उद्योग केंद्र के जीएम एसपी ढेंडवाल ने बताया कि 31 जुलाई को चिड़ावा, एक अगस्त को झुंझुनूं, 10 को नवलगढ़, 13 को अलसीसर, 16 को उदयपुरवाटी, 17 को खेतड़ी, एक सितंबर को सूरजगढ़ तथा 17 सितंबर को पंस बुहाना में शिविर लगेंगे। बेरोजगार युवाओं द्वारा अपना स्वयं का उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित करने के लिए दो से पांच लाख रुपए तक का लोन दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इच्छुक प्रार्थियों को आवेदन पत्र के साथ पासपोर्ट साइज के दो फोटो, एससी, एसटी, विकलांग या भूतपूर्व सैनिक का प्रमाण पत्र, कम से कम आठवीं पास का प्रमाण पत्र व तीन वर्ष का स्थाई निवासी होने का प्रमाण पत्र देने होंगे।

ढेंडवाल ने बताया कि प्रार्थी के परिवार की आर्थिक आय एक लाख रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए। वह 18 से 35 वर्ष के बीच की आयु का होना चाहिए। एससी, एसटी, विकलांग, महिला, भूतपूर्व सैनिकों के लिए आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट होगी।