HomeNewsHaryanaHisar Hisar

एथनॉल मामला: बंद पेट्रोल मशीनें

रेवाड़ी: पेट्रोल में एथनॉल मिलाने के बाद बंद हुई पेट्रोल पंपों की मशीन सोमवार को भी चालू नहीं हो सकी। इससे लोगों में पेट्रोल के लिए मारामारी मची रही। उधर, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की टीम ने पेट्रोल और एथनॉल के सेंपल लेने शुरू कर दिए हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा।

सोमवार को कुछ पेट्रोल पंपों के संचालकों ने बर्फ की सिल्ली व ठंडे पानी की मदद से मशीन में लगी मोटर का चलाने का प्रयास किया। इससे मशीन कुछ समय के लिए तो चली लेकिन फिर बंद हो गई। यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन रेवाड़ी डिपो के चीफ टर्मिनल प्रबंधक कमलजीत सिंह ने कहा कि यह समस्या जल्द सुलझा ली जाएगी।

उन्होंने कहा कि जब भी कोई नई शुरुआत की जाती है, तो कोई ना कोई समस्या आती ही है। हम पता लगा रहे हैं कि गलती किस स्तर पर हुई। उन्होंने कहा कि सप्लाई किए गए पेट्रोल व एथनॉल के सेंपल लिए जा रहे हैं। सेंपल रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने पत्र जारी कर सभी तेल कंपनियों को पेट्रोल में 5 प्रतिशत एथनॉल मिलाकर तेल सप्लाई करने के आदेश दिए थे। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, रेवाड़ी डिपो ने भी आदेश का पालन करते हुए पेट्रोल में 5 प्रतिशत एथनॉल की मात्रा मिलाकर सप्लाई शुरू कर दी।

इस डिपो द्वारा रेवाड़ी, गुड़गांव व फरीदाबाद जिलों के पेट्रोल पंपों को तेल सप्लाई किया जाता है। जैसे ही तेल पेट्रोल पंपों के टैंक में डाला गया, मशीनों ने कुछ समय बाद काम करना बंद कर दिया था। यह समस्या केवल हरियाणा में ही नहीं, दिल्ली और पंजाब के कुछ क्षेत्रों में भी है।