HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

रिटर्न भरने का आज अंतिम दिन

अजमेर : आयकर महकमे में रिटर्न भरने का मंगलवार अंतिम दिन है। सोमवार रात नौ बजे तक महकमे की अजमेर रेंज में 55 हजार से ज्यादा रिटर्न जमा हुए हैं।

अजमेर रेंज के आयकर आयुक्त पीडी मीणा ने बताया कि वेतनभोगी आयकरदाता 31 जुलाई तक आय - व्यय संबंधी जानकारी रिटर्न फार्म के माध्यम से जमा करा सकेंगे। रिटर्न जमा कराने के लिए मंगलवार को रात 9 बजे तक अजमेर, किशनगढ़, ब्यावर व भीलवाड़ा स्थित महकमे के दफ्तरों में काउंटर खुले रहेंगे।

सरल नहीं जटिल है फार्म वेतनभोगी आयकर दाताओं के लिए लागू नया रिटर्न फार्म नंबर 1 और 2 पहले से अधिक जटिल होने के कारण करदाताओं को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। केवल वेतनभोगी करदाताओं को फार्म एक भरना है जबकि मकान किराये से आय या मकान ऋण लेने वाले करदाताओं को फार्म दो भरना है। फार्म की सही जानकारी नहीं होने के कारण कुछ करदाताओं ने गलत फार्म भर दिए हैं। गलत रिटर्न फार्म भरने की जानकारी मिलने के बाद करदाता घबराए हुए हैं। आयकर आयुक्त पीडी मीणा ने कहा कि गलत रिटर्न फार्म भरने पर महकमा एसएससी के खिलाफ फिलहाल कार्रवाई नहीं करेगा, बल्कि उन्हें गलती सुधारने का मौका दिया जाएगा।

एक्सट्रा काउंटर पर भीड़ रही रिटर्न आवेदन जमा कराने के लिए इनकम टैक्स दफ्तर में लगाए गए चारों एक्सट्रा काउंटरों पर दिनभर भीड़ रही। सुबह से देर शाम तक दफ्तर में रिटर्न फार्म जमा कराने के लिए करदाताओं का तांता लगा रहा। नए रिटर्न फार्म भरने में करदाताओं की सहायता के लिए महकमे की ओर से नियुक्त दो टीआरपी की भी करदाताओं ने भरपूर मदद ली। पहली बार रिटर्न फार्म भर रहे करदाताओं को कंप्यूटर के जरिए हिंदी व अंग्रेजी में रिटर्न फार्म भरना भी सिखाया गया।