News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati चूरू:
जिले में सावन के पहले सोमवार को भगवान भोलेनाथ को रिझाने का सिलसिला परवान चढ़ा। बम भोले के जयकारे, वेद मंत्रों की गूंज, शिव के दर्शन व पूजा करने के लिए उमड़े श्रद्धालु। अधिकतर शिवालयों में ऐसा ही नजारा देखने को मिला। सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हुआ, जो दिनभर जारी रहा।
महिलाओं ने भगवान भोलेनाथ पर जल, चंदन, पुष्प, बिल्वपत्र, दूब आदि चढ़ाकर सुहाग की दीर्घायु की कामना की, वहीं युवतियों ने अच्छे वर की। पुरुष श्रद्धालुओं ने पूजा के जरिए सुख समृद्धि की कामना की। मंदिरों व घरों में रूद्राभिषेक के कार्यक्रम भी हुए। कई मंदिरों में विशेष सजावट की गई। श्रीराम मंदिर के शिवालय में सुबह श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
पुजारी पूसाराम ने बताया कि शिव का श्रंगार किया गया। शहर के मंगलेश्वर महादेव मंदिर, गंगामाई मंदिर, वीर हनुमान, पंचमुखी बालाजी मंदिर, पंचवटी हनुमान मंदिर, गढ़ स्थित गोपालजी के मंदिर, गढ़ के आगे स्थित हनुमान मंदिर, धोलियां कुआं स्थित शिवालय, नाथजी की छतरी स्थित शिवालय, बारह महादेव मंदिर, कालीजी के मंदिर, रेलवे कालोनी स्थित हनुमान मंदिर, रामनगर तिराहे स्थित हनुमान मंदिर, खाकीजी की बगीची स्थित शिवालय सहित अनेक मंदिरों व शिवालयों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल रही।
सरदारशहर. शिव मंदिरों में ओम नम: शिवाय के जयकारे व रूद्राभिषेक का जाप शुरू हो गया है। माहेश्वरी मंदिर में ओम नम: शिवाय का जाप रात्रि नौ से 11 बजे तक चला। जाप में ललित लखोटिया, प्रकाश सुरेका, दीपचंद मिश्र, पवन कम्मा, पंकज शर्मा, किशनलाल डागा, हनुमानमल चांडक, श्रीचंद सहित अनेक लोग शामिल हुए। प्राचीन रघुनाथ मंदिर में रूद्राभिषेक के पाठ, शिव का दुग्ध से स्नान मंत्रोच्चर के साथ किया गया।
जसवंतगढ़. पाबोलेश्वर महादेव मंदिर में शिव की पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पाबोलाव मंदिर में जसवंतगढ़ सहित लाडनूं, सुजानगढ़, आसोटापुरा आदि के श्रद्धालुओं द्वारा पूरे सावण मास में अभिषेक किया जाता रहा है।