HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

मालदास स्ट्रीट से तारों का जंजाल खत्म

उदयपुरमालदास स्ट्रीट में अब फर्रियों की तरह छाए बिजली के तार नजर नहीं आएंगे। कई स्थानों पर तारों की फिटिंग पुरानी और ढीली होने से तार नीचे लटके हुए थे। लटके हुए तारों से हाथ छू जाने पर दुर्घटना की आशंका रहती थी। आए दिन लाइन फॉल्ट हो जाता था। इन तमाम मुसीबतों से मुक्ति के लिए पावर हाउस-1 सब डिवीजन के अधिकारियों ने तारों का जाल समेटने का निर्णय लिया।

बिजली निगम के सहायक अभियंता डी. के.परमार तथा कनिष्ठ अभियंता नेत्रपाल सिंह की देखरेख में बिजली के तारों का जाल हटाया गया। मालदास स्ट्रीट मेन रोड की दुकानों व इसके अंदर की तरफ स्थित मकानों के बिजली के तार खोले गए। कई तार आपस में उलझ गए थे जिन्हें बड़ी मुश्किल से अलग किया गया। एक खंभे से किसी एक क्षेत्र में जाने वाले तारों को हटाकर उन्हें एक मोटी केबल में डाल दिया गया। पांच-छह केबलों को एक बंच में बांधकर खंभे से जोड़ा गया। मेन बाजार में स्थित जीर्ण-शीर्ण खंभे भी हटाए गए।

क्षेत्रीय नागरिकों का सहयोग लेकर खंभे की जगह मकानों की दीवारों पर लोहे के एंगल गाड़े गए। एंगल्स से तार जोड़ दिए गए। इसका सर्वाधिक लाभ यातायात व्यवस्था सुचारू करने में मिला। मालदास स्ट्रीट के मेन बाजार की चौड़ाई 8 फीट से ज्यादा नहीं है। बाजार के भीतर स्थित तंग गलियों की चौड़ाई 3-4 फीट ही है। ऐसी गलियों से दोपहिया वाहन चलाना तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। गलियों में रास्ता रोककर खड़े खंभे हट जाने से दुकानदार, क्षेत्रवासी तथा उपभोक्ताओं को काफी राहत मिली है।

क्षेत्रीय पार्षद अनिल मेहता के मुताबिक तारों के कारण सबसे ज्यादा मुसीबत धार्मिक जुलूस के दौरान आती थी। जुलूस में झंडे, झांकियों के कारण तार उलझ जाते थे। इससे दुर्घटना की पूरी संभावना रहती थी। मेहता ने बताया कि उन्होंने तार हटाने की गुजारिश विद्युत अभियंताओं से की थी। इसमें क्षेत्र के व्यापारियों व जनता का पूरा सहयोग रहा।

जिन क्षेत्रों को किया वायरलैस.. — मालदास स्ट्रीट चौक से लॉटरी किंग के बीच का क्षेत्र — मेहताजी की खिड़की क्षेत्र की तंग गलियों से तारों का जाल और खंभे हटाए गए — सुरानों की सेहरी में भी तारों का जाल हटाकर थ्री फेज वायर डाला गया। — मालदास स्ट्रीट मार्केट की एसटीडी के बाहर झुका हुआ लकड़ी का खंभा हटा दिया गया। एसटीडी दुकान की दीवार में एंगल गाड़कर खंभे के कनेक्शन उस पर शिफ्ट किए गए। — बड़ा बाजार के कॉर्नर पर महाराजा ज्वेलर्स के साइड वाली दो फीट चौड़ी जमीन की पट्टी लेकर उस पर बिजली सप्लाई करने वाले उपकरण लगाए गए। नूतन उपासरा व आंचलिया की पोल क्षेत्रों में भी तारों का जाल हटाया गया।