उदयपुरअरोमा रेस्टोरेंट के मैनेजर की हत्या में पुलिस की बनाई कहानी किसी के गले नहीं उतर रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी जांच प्रारंभिक स्तर पर चल रही है। जांच पूरी होने पर कई राज खुल सकते हैं। पुलिस ने अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है।
शर्मा कॉलोनी, आरएमवी रोड निवासी अजय व्यास (42) पुत्र स्व. रविशंकर व्यास की हत्या के आरोप में पुलिस ने रेस्टारेंट के वेटर देवला का वास (ओगणा) निवासी मोहनसिंह राजपूत व काड़ी बावड़ी (ओगणा) निवासी उदयसिंह राजपूत को गिरफ्तार किया है। पुलिस की बताई कहानी के अनुसार गुरुवार रात 11 से साढ़े 11 के बीच रेस्टारेंट की रसोई में दोनों अभियुक्तों ने रेस्टोरेंट मैनेजर की रस्सी से गला घोंट कर हत्या कर दी।
अभियुक्त रजाई की खोल में लाश बांधकर गैस सिलेंडर की तरह लाश मोटरसाइकिल पर लादकर मानसी वाकल बांध ले गए। वहां मोटरसाइकिल के साथ पत्थर बांधकर लाश बांध में धकेल दी। इसके बाद अभियुक्त पुन: उदयपुर आए और रेस्टोरेंट में आकर सो गए।