जयपुर: राज्य सरकार ने निजी मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में वर्ष 2007-08 की फीस का निर्धारण किया है। शुल्क रेगुलेटरी कमेटी ने एमबीबीएस, बीडीएस और एमडीएस कोर्स की फीस में कोई बदलाव नहीं किया है, लेकिन हॉस्टल फीस की राशि में दस प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है।हॉस्टल में पहले सिंगल सीट के लिए 14 हजार रुपए शुल्क लिया जा रहा था, जिसे बढ़ाकर 18 हजार रुपए कर दिया गया है। इसी तरह डबल सीट के लिए 12 हजार रुपए से बढ़ाकर 14 हजार 500 व ट्रिपल सीट के लिए फीस 10 हजार रुपए से बढ़ाकर 12 हजार कर दी गई है।
कमेटी के निर्णय के मुताबिक एमबीबीएस के लिए हर वर्ष एक लाख 95 हजार रुपए, बीडीएस के लिए एक लाख 25 हजार रुपए तथा एमडीएस कोर्स के लिए ढाई लाख रुपए फीस का निर्धारण किया गया है।
कमेटी के फैसले * मेडिकल और डेंटल कॉलेज नहीं बढ़ा सकेंगे शुल्क।
* प्रवेश के समय एक हजार रुपए कॉशन मनी के रूप में लिए जाएंगे
* हॉस्टल के लिए 10 हजार रुपए कॉशन मनी।
* मेडिकल और डेंटल कॉलेज विवि की ओर से निर्धारित एनरोलमेंट और परीक्षा शुल्क से अधिक राशि नहीं ले सकेंगे।
* निजी डेंटल व मेडिकल कॉलेजों में डोनेशन, विकास शुल्क, लेबोरेटरी, हॉस्पिटल और लाइब्रेरी शुल्क वसूलने पर रोक।
अधिक फीस वसूलने पर होगी कार्रवाई कमेटी ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी मेडिकल या डेंटल कॉलेज में लेबोरेटरी, लाइब्रेरी, डोनेशन, हॉस्पिटल और विकास शुल्क के नाम पर फीस वसूली की गई तो इसे केपीटेशन फीस की श्रेणी में माना जाएगा। इस तरह की फीस वसूलने वाले कॉलेजों के खिलाफ दंडनीय कार्रवाई की जाएगी।