भिवानी: मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के ओएसडी डॉ. केवी सिंह ने कहा कि प्रदेश में रिक्त पड़े 115 डेंटल सर्जन व 234 मेडिकल अधिकारियों के पद शीघ्र भरे जाएंगे। रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू होगी। साथ ही उन्होंने सरकार द्वारा इंजीनियरिंग के मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति देने की योजना के बारे में जानकारी दी।
वे रविवार को विधायक डॉ. शिवशंकर भारद्वाज की माता राधा रानी के निधन पर शोक जताने के बाद विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग कॉलेजों में टॉप रहने पर छात्रों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसमें ऐडिड, निजी व सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों के मेधावी छात्र शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि बिजली की समस्या तत्कालीन सरकारों की देन है। अगर पूर्ववर्ती सरकारें पड़ोसी राज्य से बिजली खरीदने की बजाए उसके उत्पादन के लिए प्लांट लगाती तो आज प्रदेश के लोगों को यह दिन नहीं देखना पड़ता। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बिजली की समस्या के स्थाई समाधान के लिए यमुनानगर, झज्जर, खेदड़ के अलावा कई अन्य थर्मल पॉवर प्लांट की आधारशिला रखी।
सरकार द्वारा महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए महिला शक्ति सदन, साक्षर महिला समूह व महिलाओं की ग्राम स्तर पर कमेटियां बनाई जाएंगी। उनको भी कंप्यूटर व अन्य प्रशिक्षण दिए जाएंगे, ताकि उनको पैसे के लिए दूसरों पर आश्रित न रहना पड़े। इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव संदीप सिंह व महाबीर सोनी मौजूद थे।