HomeNewsHaryanaHisar Hisar

संवेदनशील गांवों का दौरा करेगी शांति कमेटी

सिरसा: सीबीआई द्वारा डेरा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम सिंह पर लगे आरोपों की जांच रिपोर्ट मंगलवार को सीबीआई कोर्ट में पेश करने पर खुलासे की संभावना के बाद किसी भी अप्रिय घटना के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार की शाम शांति कमेटी की बैठक हुई, जिसमें मंगलवार को संवेदनशील गांवों का दौरा करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में लिए गए निर्णयानुसार शांति कमेटी के 15 से 20 सदस्य मंगलवार को दिनभर लोकनिर्माण विश्राम गृह में बैठे रहेंगे। यदि कहीं भी कोई घटना की सूचना मिलती है तो वे तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालेंगे।

इसके अलावा शेष सदस्यों की टीम अलग-अलग ग्रुप बनाकर डबवाली, ओढ़ां, रोड़ी क्षेत्र में सिख व डेरा प्रेमी बाहुल्य गांवों का लगातार दौरा करती रहेगी। यह टीम जिले भर में विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस व अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियों के इंचार्ज के संपर्क में भी रहेंगी।

यदि कहीं भी स्थिति बिगड़ी तो दोनों एक-दूसरे को तुरंत सूचना देंगे। बैठक में हर स्थिति से शांति से निपटने की नीति बनाई गई है ताकि कहीं भी कोई दंगा-फसाद न हो। बैठक में उपायुक्त वी.उमाशंकर, पुलिस अधीक्षक विकास अरोड़ा, एसडीएम गीता भारती के अलावा शांति कमेटी के अनेक सदस्य उपस्थित थे।