HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

पौंख स्कूल पर जड़ा ताला

चंवरा: ग्यारवीं व बारहवीं के छात्रों को स्कूल में न बैैठाने के विरोध में सोमवार को छात्रों ने राजकीय उमावि को तालाबंदी कर दी। आक्रोशित छात्रों एवं अभिभावकों ने नारेबाजी करते हुए पौंख गांव की दुकानों को भी बंद करवाया।

सड़क पर पत्थर डालकर रास्ता अवरूद्ध कर दिया। छात्रों एवं अभिभावकों का कहना था कि विद्यालय प्रशासन 11वीं एवं 12वीं के सथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। बच्चों को कक्षाओं से वंचित रखा जा रहा है। ग्रामीणों ने चेताया कि आज के बाद स्कूल लगेगी तो सभी कक्षाओं में बैठेंगे, अन्यथा स्कूल नहीं लगेगी। उन्होंने व्याख्याताओं की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी। रास्ता अवरूद्ध होने से वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

उल्लेखनीय है कि पांच दिन पूर्व पौंख में कुछ युवकों ने स्कूल परिसर में आकर छात्रों के साथ मारपीट की थी। उसके बाद स्कूल प्रशासन ने 11वीं एवं 12वीं के छात्रों को कक्षाओं में नहीं बैठने दिया।

कलेक्टर को ज्ञापन झुंझुनूं. पौंख के सेठ मोहनलाल भोजगढ़िया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्रों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपा। 11वीं और 12वीं के इन छात्रों का कहना था कि वे मंगलवार से कक्षाओं में बैठ जाएंगे। उन्होंने स्कूल में व्याख्याता नहीं होने से पढ़ाई में हो रहे नुकसान के बारे में भी कलेक्टर को बताया।