अजमेर : एमडीएस यूनिवर्सिटी की 29 अगस्त को होने वाली सप्लीमेंट्री परीक्षाओं के लिए फार्म भरने की कवायद पूरी हो गई। कॉलेजों में विद्यार्थियों ने सोमवार को सप्लीमेंट्री परीक्षा के फार्म लिए और जमा कराए।
कॉलेजों में बिना विलंब शुल्क सहित फार्म जमा कराने की 30 जुलाई को आखिरी तारीख होने के कारण कॉलेजों में भीड़ रही। लेटलतीफ विद्यार्थी दस्तावेजों के साथ काउंटर पर पहुंच गए। उन्होंने फार्म एवं फीस जमा कराई। स्नातक स्तर पर कला, वाणिज्य, विज्ञान, लॉ (पास कोर्स/ ऑनर्स) की सप्लीमेंट्री परीक्षाओं के फार्म भरे गए। वहीं कुछ विद्यार्थी तो आखिरी दिन भी दस्तावेज लाना भूल गए। उन्हें वापस घर जाना पड़ा।
कार्यवाहक परीक्षा नियंत्रक डॉ. जगराम मीणा ने बताया कि यूनिवर्सिटी से सम्बद्ध सभी कॉलेजों में बिना विलंब शुल्क के सप्लीमेंट्री परीक्षा के फार्म भरने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 29 अगस्त से शुरूहोने वाली परीक्षा में 22 हजार परीक्षार्थी बैठेंगे। साठ रुपए विलंब शुल्क सहित फार्म भरने की अंतिम तिथि 6 अगस्त होगी।