जोधपुरकाले हिरण के शिकार के मामले में एक स्थानीय कोर्ट ने सोमवार को आरोपी बॉलीवुड स्टार सलमान खान द्वारा दाखिल याचिका पर सुनवाई को मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दिया।
जिला व सत्र न्यायाधीश केआर सिंघवी ने सुनवाई स्थगित करने से पहले सलमान के वकीलों एसआर बावेजा और एचएम सारस्वत की दलीलें सुनीं और यह कार्रवाई करीब तीन घंटे तक चली। पिछली शाम को शहर में आए सलमान कोर्ट की दो सत्रों की कार्रवाई के दौरान कठघर में खड़े रहे। इससे पहले कई बार आदेश के बावजूद सलमान कोर्ट में हाजिर नहीं हुए थे और इसे गंभीरता से लेते हुए कोर्ट ने सलमान से व्यक्तिगत तौर पर कोर्ट में हाजिर होने को कहा था।
गौरतलब है कि 1998 में घोड़ा फार्म के पास उजियाला भाखर में काले हिरण के शिकार के मामले में पिछले साल 10 अप्रैल को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ब्रजेंद्र कुमार जैन ने सलमान को दोषी करार देते हुए पांच साल की कैद की सजा सुनाई थी और 25 हजार रुपए का जुर्माना भी किया था। सलमान ने अदालत में इस फैसले को चुनौती देने के लिए अपील दाखिल की थी। इसके अलावा शिकार के एक और मामले में सलमान एक साल की कैद के एक अन्य अदालत के फैसले के खिलाफ भी अपील कर चुके हैं हालांकि उसकी सुनवाई राजस्थान हाईकोर्ट में अब तक पेंडिंग है।