|
बीकानेर:
देशभक्ति के जज्बे में डूबी आवाज वाले बीकानेर के लाड़ले राजा हसन से शुक्रवार की रात जीटीवी पर प्रसारित होने वाले कार्यक्रम सारेगामापा में दर्शक पंजाबी गीत सुन सकेंगे।
जबकि शनिवार को राजा वंदेमातरम् गाकर जजेज का दिल जीत लेगा। इन कार्यक्रमों की रिकॉर्डिग में ऐसा हो चुका है। बीते शनिवार को तेरी दीवानी गाकर राजा ने अपनी स्थिति सुधार ली है, वह इस बार एसएमएस लेने में दूसरे नंबर पर रहा। सर्वाधिक एसएमएस पूनम को मिले जबकि जॉय अब प्रतिद्वन्द्वी नहीं रहा। राजा हसन की गायकी पर पहले से फिदा जजेज और कार्यक्रम के गेस्ट ने पंजाबी गीत ना कर मान रुपैये वाला.. की प्रस्तुति पर खूब दाद दी तो एआर रहमान के संगीत और रिद्म के वंदेमातरम् जैसे पल-पल में राग-रागनियों से परिचित करवाने वाले गीत की प्रजेंटेशन को बेहद सराहा।
पिछले सप्ताह कम एसएमएस मिलने के कारण तीसरे नंबर पर रहने के बावजूद राजा ने जिस कॉन्फिडेंस से गीतों को पेश किया उससे जाहिर हुआ कि वह राजस्थान और खासतौर पर बीकानेरवासियों को हरदम अपने साथ महसूस कर रहा है और ऐसा है भी सही। राजा की सफलता को बीकानेर अपनी गरिमा के रूप में देख रहा है और उसके पक्ष में निरन्तर एसएमएस करने वालों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ रही है।
राजा के पिता गायक रफीक सागर ने राजा को इस मुकाम तक पहुंचाने का श्रेय बीकानेरवासियों को देते हुए आगे भी सहयोग की अपेक्षा जताई है। उन्होंने कहा कि राजा को लोगों का प्यार ऐसे ही मिलता रहेगा और वह जरूर संगीत क्षेत्र में बीकानेर का प्रतिनिधित्व अव्वल रहकर कर सकेगा।