Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

राजा पर फिदा हुए पंजाबी

बीकानेर: raja जीटीवी के सारेगामापा कार्यक्रम के दौरान राजा की पंजाबी स्टाइल पर सारा शहर तरंग में आ गया। एक तो बीकानेर में राजा के होने का जोश और फिर बिल्कुल नई फॉर्म में आए राजा को देखा तो यूं लगा कि सभी कंटेस्टेंट्स पर राजा छा गया हो। हालांकि परफार्मेस के लिहाज से दूसरों ने भी अपनी तरफ से कोई कमी नहीं छोड़ी लेकिन राजा की बात ही दूसरी थी। वह आज फिर सभी पर छाया हुआ था। कोटगेट से मोहता चौक तक एक ही चर्चा थी कि राजा जैसा हुनर किसी में नहीं है। अब तो सिर्फ खूब सारे एसएमएस होने चाहिए।

रात को जहां हर ओर इस बात की चर्चा थी तो दिनभर राजा को मिलने के लिए लोग राजा के घर और बसंत विहार के चक्कर लगाते नजर आए। शाम को जैसे ही राजा को लोगों ने बसंत विहार में दिखाई दिया, फैंस ने घेर लिया।

इससे पहले राजा हसन को रानीबाजार के लोगों का भी बहुत प्यार मिला। यहां समाजसेवी इकबाल समेजा के निवास पर आयोजित समारोह में पैर रखने की जगह नहीं थी। शहर कांग्रेस महामंत्री अब्दुल मजीद खोखर सहित समाज के मौजीज लोगों ने मिलकर राजा के पिता रफीक सागर को 21000 रुपए प्रदान किए।

इस मौके पर इकबाल समेजा ने कहा कि बीकानेर की शान राजा के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। उमरदराज, रहमत अली गौरी, रियाज पंवार, मोहन चौधरी, दीवानसिंह सरुइ, मजीद सरपंच, रमजान मुगल, अनीस हुसैन, वसीम समेजा, हारुन खोखर, इमरान खोखर, खय्याम पंवार, रईसा समेजा, सोनम समेजा, सना समेजा, जावेद खान, अब्दुल करीम, तनवीर पठान, महेंद्रसिंह, संजीव टॉक आदि ने राजा का स्वागत किया तथा अधिक से अधिक एसएमएस करने का वादा किया।

मोहल्ला दमामियान में उस्ताद अशरफ अली ने राजा को 5100 रुपये की माला पहनाई। इस मौके पर हाफिज गुलाम रसूल शाद, हशमत रोशन भियाणी, अब्दुल सलीम भियाणी, अब्दुल सत्तार कमल, गुलाम हुसैन आदि ने राजा का स्वागत किया।

राजीव यूथ क्लब की ओर से राजा के पक्ष में एसएमएस करने की अपील करने के लिए शुक्रवार को कई टोलियों ने जनसंपर्क किया। क्लब के अध्यक्ष अनिल कल्ला ने बताया कि राजा के पक्ष में गुरुवार को उमड़े जनसैलाब ने यह साबित कर दिया है कि राजा को नंबर वन बनाएंगे।