Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

रिहर्सल में दिखा जोश

एसएएफ ग्राउंड पर आयोजित होने वाले स्वतन्त्रता दिवस समारोह की सोमवार को रिहर्सल की गई। इस अवसर पर परेड कमाण्डर डीएसपी प्रशांत चौबे के नेतृत्व में निकाली गई परेड की सलामी पुलिस अधीक्षक बीके सूर्यवंशी ने ली। तदुपरांत स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों के दिल जीत लिए।

स्वतन्त्रता दिवस समारोह की रिहर्सल का शुभारम्भ ध्वजारोहण से किया गया। रिहर्सल का जायजा लेने के लिए कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव ,पुलिस अधीक्षक बीके सूर्यवंशी, डीईओ केके द्विवेदी,जिला खेल अधिकारी अशोक शर्मा उपस्थित थे। ध्वजारोहण के बाद डीएसपी प्रशांत चौबे के नेतृत्व में परेड निकाली गई। परेड में बीएसएफ, सेकंड बटालियन एसएएफ, तेरहवीं बटालियन, चौदहवीं बटालियन, जिला पुलिस बल, होमगार्ड,बीएसएफ डॉग स्क्वाईड, एनसीसी सीनियर ब्वॉयज, स्काउट एवं गाइड के जवान चल रहे थे। जिला पुलिस बल और सेकंड बटालियन एसएएफ के बैण्ड की धुन पर कदम ताल करते चल रहे जवानों की चाल देखते ही बनती थी। स्टेज के सामने आते ही जवान परेड कमांडर के निर्देश पर मुख्य अतिथि को सलामी देते।

तदुपरांत हर्ष फायर किया गया,जिसके बाद राष्ट्रपति की जय के नारे लगाये गये। इसके बाद चार स्कूलों के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। कम्पनी कमाण्डर श्री चौहान को डमी मुख्य अतिथि बनाया गया था। परेड की रिहर्सल सुबह और शाम को हुई । डीसी जैन मासूम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली शिक्षा विभाग को अपनी प्रस्तुति देने के लिए 20 मिनट का समय दिया गया है जिसमें पांच-पांच मिनट चार स्कूल के बच्चे सांस्कृतिक कार्यक्रम देंगे। चारों स्कूलों के बच्चे 15 अगस्त को अपनी फाइनल प्रस्तुति देंगे।

विद्यार्थियों को लाना होगा समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी केके द्विवेदी ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर एसएएफ ग्राउंड से तीन किमी की परिधि में आने वाले सभी शासकीय व अशासकीय शिक्षण संस्थाओं के प्रधानों को निर्देश दिये गये हैं कि वे अपनी-अपनी संस्था में ध्वजारोहण के पश्चात छात्र-छात्राओं को रैली के रूप में प्रात: साढ़े आठ बजे तक मुख्य समारोह स्थल एसएएफ ग्राउंड पर शिक्षकों के साथ अनिवार्य रूप से भेजें।

विभिन्न संस्थाओं में भी फहरेगा तिरंगा स्वतंत्रता दिवस की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर कांग्रेस कमेटी गांधी वार्ड 36 सेक्टर कमेटी के नेतृत्व में 15 अगस्त को सुबह दस बजे फालका बाजार काजल टॉकीज के पीछे खेतान मंडप के सामने ध्वजारोहण किया जाएगा। उधर विजय नगर स्थित प्लेनेट स्कूल में भी ध्वजारोहण किया जाएगा। रविनगर समिति द्वारा 15 अगस्त को सुबह साढ़े पांच बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। साढ़े नौ बजे रविनगर पार्क में ध्वजारोहण किया जाएगा। सनातन धर्म मण्डल में ध्वजारोहण सुबह दस बजे किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीनियर एडवोकेट आरडी जैन होंगे। मप्र बरार विकास संघ के प्रदेशाध्यक्ष घनश्याम पिरोनिया ने बताया कि समाज का स्वतंत्रता दिवस समारोह बरार समाज के सामुदायिक भवन तिलक नगर में प्रात: नौ बजे आयोजित किया जाएगा। श्री गहोई वैश्य समाज 15 अगस्त को सुबह नौ बजे मैथलीशरण गुप्त पुस्तकालय पर ध्वजारोहण करेगा। इस अवसर पर समाजसेवियों का सम्मान भी किया जाएगा।