|
भुवनेश्वर:वंडर ब्वॉय बुधिया ने अपने कोच बिरंची दास पर शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। बुधिया ने कहा कि बिरंची दास उसे पीटता है और समय पर भोजन नहीं देता है। उसने कोच विरंची दास के ट्रेनिंग सेंटर को छोड़ दिया है। वहीं बुधिया के कोच ने इससे इनकार किया है।
रविवार रात घर पहुंचने के बाद प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर स्वयं बुधिया ने कोच द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने का खुलासा किया। उसने अपने कोच पर इच्छा के विरुद्ध दौड़ाने का आरोप भी लगाया। अपनी मां की उपस्थिति में बुधिया ने कहा कि कोच विरंची दास उसे लंबे समय से मानसिक व शारीरिक तौर पर प्रताड़ित करते रहे हैं। कोचिंग सेंटर में उसे भोजन भी ठीक से नहीं दिया जाता था और इच्छा के विरुद्ध दौड़ने के लिए कहा जाता था। दौड़ने से इनकार करने पर उसे लोहे की सलाखों से दागा जाता था। साथ ही उसने मारने-पीटने सहित कई गंभीर आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। वहीं दूसरी ओर बुधिया के कोच बिरंची दास ने बुधिया के आरोपों को नकारते हुए कहा कि कुछ लोग मेरे खिलाफ षडयंत्र कर रहे हैं और बुधिया की मां को मेरे खिलाफ भड़का रहे हैं। बिरंची ने कहा कि यह उसी का एक हिस्सा है।