|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर
दैनिक भास्कर द्वारा आजादी की हीरक जयंती पर अपने पाठकों को आजाद भारत की परिवर्तनशील तस्वीर दिखाने के उद्देश्य से प्रकाशित की गई मैग्जीन 'भारत कल आज और कल' का विमोचन सोमवार को जयेंद्रगंज स्थित दैनिक भास्कर के आफिस में हुआ। मैगजीन का विमोचन पूर्व महापौर एवं वरिष्ठ कांग्रेसी डा. रघुनाथ राव पापरीकर एवं मप्र वित्त आयोग के अध्यक्ष शीतला सहाय ने किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डा. रघुनाथ राव पापरीकर ने कहा कि आज आवश्यकता है कि नई पीढ़ी को आजादी के महत्व से परिचित कराया जाए। उन्हें बताया जाए कि यह हमें किस प्रकार हासिल हुई। इस छह दशक की आजादी के बाद भी आज देश की 30 प्रतिशत जनता गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही है। लोगों में वह देशप्रेम का जज्बा भी नहीं रहा। शीतला सहाय ने कहा कि आजादी प्राप्ति का मूलमंत्र यही है कि हमने अपने लक्ष्य को सामने रखकर प्रयास किया। जिन लोगों ने आजादी के लिए लड़ाई लड़ी, वह किसी तरह का व्यक्तिगत लाभ नहीं चाहते थे। इसलिए आज स्वतंत्रता सेनानी होने के नाते शासन से किसी तरह के लाभ की आशा करना, उनके त्याग और बलिदान को धूमिल करना है। इस अवसर पर जीआईसीटीएस के संचालक उदय घाटगे, मेला प्राधिकरण के संचालक पारस सहित अन्य विशिष्टजन उपस्थित थे।