|
मुंबई. आप क्रेडिट कार्ड तो खूब इस्तेमाल करते हैं, लेकिन डेबिट कार्ड का नहीं, क्योंकि डेबिट कार्ड पर न कैशबैक मिलता है न डिस्काउंट, न रिवार्ड पाइंट। अब बैंकों ने डेबिट कार्ड का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए हर खरीदी पर कोई न कोई लाभ देने की पेशकश की है।
लोग डेबिट कार्ड रखते तो हैं, लेकिन उसका ज्यादातर इस्तेमाल केवल एटीएम से नकदी निकालने के लिए करते हैं। एसबीआई ने हाल ही में कैश बैक स्कीम लांच की है जिसकी अंतिम तारीख 31 अक्टूबर है। इस स्कीम में दस हजार रुपए से ऊपर की खरीदी पर 5 फीसदी कैश बैक मिलता है। 501-5000 रुपए की और 5000-10,000 रुपए तक खरीदी पर कैश बैक की दर 3 व 4 फीसदी है।
एसबीआई के चीफ जनरल मैनेजर नारायणन राजा का कहना है कि देश में ज्यादातर लोग डेबिट कार्ड का इस्तेमाल एटीएम से नकदी निकालने के लिए करते हैं इसलिए बैंक नई योजनाएं ला रहा है।
कई ऑफर : स्टैंडर्ड चार्टर्ड के संपत्ति प्रबंधन के प्रमुख संदीपन दास का कहना है कि नए ऑफर में कैशबैक, डिस्काउंट व रिवार्ड पाइंट के अलावा नए रिटेल चैन के कार्ड जारी किए जाएंगे। दूसरे बैंक भी यह देखने लगे हैं कि उनका व्यवसाय न छिने।
आईसीआईसीआई बैंक कैशबैक तो नहीं ला रहा, लेकिन दूसरी कई योजनाएं लाना चाहता है। उसने कार में ईंधन डलवाने के एवज में कार्ड का इस्तेमाल करने पर 2.5 फीसदी (या 10 रुपए) के सर्विस चार्ज को खत्म करने का फैसला किया है। आपको आईसीआईसीआई-एचपीसीएल का डेबिट कार्ड एचपीसीएल के पंपों पर इस्तेमाल करने के बाद आईसीआईसीआई के टर्मिनल पर कार्ड स्वाइप करना होगा, तब सरचार्ज बचेगा। कार्ड पर 50,000 रुपए तक एटीएम से निकालने और बिक्री के बिंदु पर एक लाख रुपए तक की खरीद करने की अनुमति है।
एचडीएफसी बैंक भी डेबिट कार्ड पर कई डिस्काउंट व रिवार्ड पाइंट की योजनाएं लाने वाला है। बैंक के एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेसीडेंट असीम ध्रुव का कहना है कि डिस्काउंट व रिवार्ड योजनाओं के बारे में ब्रोशर भेजे जा रहे हैं।
कुछ समय की योजनाएं : ये लाभ हमेशा रहेंगे ऐसी बात नहीं है। डेबिट कार्ड के इस्तेमाल का मतलब है कि आपकी नकदी कम हो रही है और बैंक कोई उधार नहीं देते इसलिए उनकी कोई कमाई नहीं होती। क्रेडिट कार्ड पर उन्हें काफी कमाई होती है। एसबीआई की कैशबैक योजना भी 31 अक्टूबर तक है। कैशबैक की 1,000 रुपए की ऊपरी सीमा है। रोजाना सबसे ज्यादा खर्च करने वाले दो व्यक्तियों को एयर डेक्कन के मुफ्त टिकट दिए जाएंगे।
एसबीआई ने वीजा इंटरनेशनल के साथ अनुबंध करके एसबीआई गोल्ड डेबिट कार्ड लांच किया है। यह कार्ड रखने वालों को लायल्टी पाइंट, ज्यादा लिमिट, खरीदी सुरक्षा बीमा और व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा सुरक्षा मिलता है। एक स्थायी कैशबैक सुविधा है। एसबीआई ने जिन 13 बैंकों के साथ अनुबंध किया है उनके एटीएम से नकदी निकाली जा सकती है।