bhaskar Web English
HomeSportsCricket Cricket

भारत ने 21 साल बाद इंग्लैंड में सिरीज जीती

ओवल (लंदन). भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा टेस्ट मैच ड्रॉ रहने के साथ ही तीन मैचों की सिरीज 1-0 से जीत ली है। यह दुर्लभ उपलब्धि हासिल करने वाली द्रविड़ एंड कंपनी क्रिकेट इतिहास की तीसरी और पिछले 21 सालों में पहली टीम है। इससे पहले इंग्लैंड ने भारत के इस सिरीज को 2-0 से जीतने की हसरतों पर पानी फेर ओवल टेस्ट ड्रॉ कराने में सफलता अर्जित की। । अंतिम टेस्ट में भारत की ओर से एकमात्र शतकवीर अनिल कुंबले को प्लेयर ऑफ द मैच और जहीर खान को पूरी सिरीज में 18 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द सिरीज चुना गया। एंडरसन को इंग्लैंड की ओर से प्लेयर ऑफ द सिरीज चुना गया।

इससे पहले इंग्लैंड ने आज 56 रन पर बिना किसी नुकसान के आगे खेलना प्रारंभ किया।उसके दोनों सलामी बल्लेबाज 86 रन के योग पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद केविन पीटरसन(101) ने माइकल वान (42) के साथ तीसर विकेट के लिए 68 और चौंथे विकेट के लिए पॉल कालिंगवुड(40) के साथ 114 रनों की भागीदारी कर अपनी टीम के लिए ड्रॉ को आसान बना दिया। हालांकि श्रीसंथ ने नई गेंद से कालिंगवुड और पीटरसन को आउट कर मैच में जान फूकने का प्रयास किया, लेकिन तब तक परिणाम के लिहाज से काफी देर हो चुकी थी। निचले क्रम में बेल ने 67 रनों की शानदार पारी खेली। दूसरी पारी में सिरीज के हीरो जहीर खान को एक भी विकेट नहीं मिला।

इससे पहले दूसरी पारी में बल्लेबाजों के फ्लॉप हो जाने के बावजूद भारत ने टेस्ट पर पकड़ बनाए रखी और छह विकेट पर 180 रन बनाकर इंग्लैंड को जीत के लिए 500 रन का कठिन लक्ष्य दिया। भारत ने पहली पारी में 319 रन की बढ़त ली थी।