bhaskar Web English
HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

बारिश से ट्रैफिक पर ब्रेक

चंडीगढ़ शहर में भले ही मानसून की बारिश तीसरे दिन भी जारी रहने से लोगों को उमस और गरमी से राहत मिली हो, लेकिन रविवार रात से सोमवार शाम 4 बजे तक चंडीगढ़ का शिमला से सड़क मार्ग का संपर्क कटा रहा।

हिमाचल प्रदेश में हुई भारी बारिश से शिमला की ओर जाने वाले नेशनल हाईवे-22 पर धर्मपुर और जाबली के बीच रविवार रात कई जगह लैंड स्लाइडिंग हुई। इस कारण रविवार रात करीब 1 बजे से चंडीगढ़ से शिमला जाने वाले वाहनों की आवाजाही रुक गई। सोमवार शाम 4 बजे सड़क पर आए लैंड स्लाइडिंग के मलबे को हटाया गया पर इसके बाद दोनों ओर फंसे वाहनों की वजह से ट्रैफिक जाम लगा रहा। रात 8 बजे तक भी जाबली से लेकर टिंबर ट्रेल के बीच वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। रविवार रात नेशनल हाईवे पर टिंबर ट्रेल से कुछ आगे सड़क पर पहाड़ी खिसकने से भारी मात्रा में मलबा इकट्ठा हो गया।

इसके बाद करीब 6 जगह पर भारी मात्रा में लैंड स्लाइडिंग से मलबा इकट्ठा हो गया। सड़क बंद होने से शिमला की ओर से चंडीगढ़ आने वाले वाली बसें भी वहीं फंस र्गइ। सेब और सब्जियों के ट्रकों के अलावा दूसरे वाहनों की भी लंबी कतारें लग र्गइ। सोमवार सुबह नेशनल हाईवे ऑथॉरिटी और पीडब्ल्यूडी ने सड़क खोलने का काम शुरू किया, लेकिन भारी पत्थरों और मलबे को हटाने के काम में बाधा आई। इससे दोनों ओर से अप-डाउन करने वाली बसें वहां फंस र्गइ।

इस दौरान रविवार रात से चंडीगढ़ से शिमला के लिए चलीं सभी रोडवेज की करीबन 150 बसें यात्रियों को वहीं उतार कर परवाणू से ही वापस लौट र्गई। शिमला से आ रहीं बसें भी जाबली से ही वापस लौटने लगीं इस वजह से दोनों ओर की बसों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

चंडीगढ़ में 32 मिमी. बारिश शहर में सोमवार दोपहर फिर बरसात शुरू हो गई। इस दौरान 32 मिलीमीटर बारिश हुई। सोमवार बाद दोपहर बादल घिर गए और करीबन 4 बजे शहर में बारिश शुरू हो गई।

इस दौरान शहर के कई चौराहों पर पानी इकट्ठा होने से दोपहिया वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। शहर का अधिकतम तापमान 32.2 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 36 घंटों के दौरान शहर में बारिश की संभावना है।