Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsPunjabJalandhar Jalandhar

जालंधर-अमृतसर में भी दौड़ेगी मैट्रो रेल

नई दिल्ली दिल्ली मैट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) पंजाब के तीन प्रमुख शहरों जालंधर, अमृतसर और लुधियाना में मैट्रो की संभावना के लिए अध्ययन की गति तेज करने पर सहमत हो गया है। निगम ने इस पर एक साल के भीतर काम शुरू करने पर सहमति जताई है।

इस आशय का आश्वासन निगम के प्रबंध निदेशक ई श्रीधरन ने सोमवार को शिरोमणी अकाली दल के कार्यकारी अध्यक्ष और फरीदकोट के सांसद सुखबीर सिंह बादल के साथ एक बैठक में दिया। उन्होंने कहा कि रेलवे इंस्टीट्यूट आफ टैक्नोलाजी एवं इंजीनयरिंग सर्विसेज ने इस संबंध में बुनियादी आंकड़े पहले ही मुहैया करा दिए हैं। उन्होंने कहा कि निगम की एक टीम अगले 4 से 6 माह में लुधियाना में सर्वे रपट तैयार करेगी। निगम इस संबंध में प्रस्ताव जल्द राज्य सरकार को भेजेगा। श्रीधरन ने बताया कि लुधियाना मैट्रो परियोजना पर प्रति किलोमीटर 80 से 90 करोड़ रुपए की लागत आएगी। पुराने लुधियाना शहर में भूमिगत मैट्रो रेल का विकास किया जाएगा।

बैठक के दौरान बादल ने लुधियाना व अमृतसर की विशेषताओं का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों शहरों में ट्रैफिक सरल करने के लिए मैट्रो की सख्त जरूरत है। बैठक में लुधियाना के सांसद एसएस ढिल्लों, राज्य के मुख्य सचिव और मुख्यमंत्री के विशेष सचिव भी मौजूद थे।