|
जोधपुर:
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सोमवार को अपने पूर्व निर्धारित दो कार्यक्रमों में शामिल नहीं हुई। वे न तो शास्त्रीसर्किल पर म्यूजिकल फाउंटेन के उद्घाटन करने पहुंची और न ही मसूरिया हिल पर रात्रिभोज में शामिल हुई। ये दोनों कार्यक्रम नगर सुधार न्यास की मेजबानी में थे मगर उनकी सारी तैयारियां धरी रह गई।
जन सुनवाई से निकलकर मुख्यमंत्री सीधे ही गुलाब सागर गई। यहां से उन्हें मसूरिया हिल पर आयोजित न्यासियों के रात्रि भोज मे शामिल होना था, लेकिन रात 10.30 बजे मसूरिया हिल पर मुख्यमंत्री का इंतजार कर रहे लोगों को सूचना मिली कि सीएम रात्रि भोज में शामिल होने नहीं आ रही हैं। इसके बाद वहां बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों के बीच न्यास अध्यक्ष राजेंद्र गहलोत से न्यासी यह कहते हुए भिड़ गए कि सीएम को लाने की जिम्मेदारी आपकी थी। इतने में मसूरिया हिल पर सूचना मिली कि मुख्यमंत्री सर्किट हाउस की बजाय उम्मेद भवन पैलेस पहुंच गई।
न्यासियों के रात्रि भोज में नगरीय विकास मंत्री प्रतापसिंह सिंघवी, पर्यावरण मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, पंचायती राजमंत्री कालूलाल गुर्जर,गृह राज्य मंत्री अमराराम चौधरी तथा विधायक जालमसिंह रावलोत व कुछ महिला पाषर्द व न्यासियों सहित गणमान्य लोग ही पहुंचे। भोज का मजा पुलिसकर्मियों ने भी लिया।