|
चंडीगढ़ 1966 में अस्तित्व में आने के बाद से हरियाणा ने तरक्की की सीढ़ियां चढ़ी हैं। पहले यह पंजाब का हिस्सा हुआ करता था। आजादी के बाद 60 सालों में अब यह राज्य देश के सर्वाधिक विकसित प्रदेशों में से एक हैं।
गेहूं-धान की खूब पैदावार के अलावा यहां औद्योगीकरण भी खूब हुआ है। देश में सर्वाधिक प्रति व्यक्ति आय भी इसी प्रदेश में है। यहां मैकडोनाल्ड, पिज्जा हट, केएफसी जैसी बहुराष्ट्रीय कंपनियों के रेस्तरां हैं तो देशी ढाबे भी। लोकसभा की 10 सीट होने के बावजूद राजनीति में भी यहां के लोगों ने बुलंदियों को छुआ। देवीलाल उपप्रधानमंत्री तक बने। इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री रहने के दौरान उनके नजदीकी बंसीलाल को देश के रक्षामंत्री जैसी बड़ी जिम्मेवारी मिली।
तीन तरफ से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटा होने का लाभ हरियाणा ने बखूबी उठाया और यहां गुड़गांव-फरीदाबाद जैसे बड़े व्यापारिक व औद्योगिक शहर बस गए। सॉफ्टवेयर निर्यात में हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में एक है। औद्योगिक सुरक्षा के मामले में हरियाणा देश भर में अव्वल है।