Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

जहरीला ज्यूस पिलाकर पत्नी की जान ली

उदयपुर: juice देवाली निवासी एक व्यक्ति ने शुक्रवार को पत्नी को जबरन जहर मिला ज्यूस पिला दिया। विवाहिता ने रविवार शाम को एमबी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृत्यु पूर्व विवाहिता के बयान के आधार पर अंबामाता पुलिस ने पति व उसकी प्रेमिका (मृतका की भांजी) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर देवाली निवासी हेमलता (30) को पति गजेंद्रसिंह पड़ियार ने शुक्रवार सुबह ज्यूस मिला जहर पिला दिया। उसे अचेत हालत में एमबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां रविवार शाम को उसकी मौत हो गई। मृतका की दस वर्ष पूर्व गजेंद्र के साथ शादी हुई थी। मृतका के छह वर्षीय बेटा व आठ वर्षीय बेटी है। मृतका का पीहर बेदला में है। शव को मुर्दाघर में रखवाया गया, जहां सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। हेमलता के मृत्यु पूर्व बयान के आधार पर अंबामाता पुलिस ने पति गजेंद्र व उसकी प्रेमिका गायत्री को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने धारा 302 व 498 ए के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की भांजी से प्यार करता था गजेंद्र: देवाली निवासी गजेंद्र मृतका हेमलता की बड़ी बहन अलीपुरा निवासी भंवरदेवी की बेटी गायत्री राठौड़ से प्यार करता है। पिछले पांच वर्षे से दोनों के बीच अवैध संबंध थे। मृतका के भाई हरिसिंह ने बताया कि गजेंद्र उसकी पत्नी के साथ बेदला स्थित पीहर में भी मारपीट करता था, लेकिन घर न टूटे, इसलिए चुप रहे।

मृत्यु पूर्व हेमलता के बयान: सिविल जज अनिल कौशिक के समक्ष अस्पताल में हुए धारा 161 के बयान में हेमलता ने बताया कि गुरुवार रात को गजेंद्र ने उसके साथ मारपीट की तथा गायत्री के पास जाने की बात कहकर घर से निकल गया। दूसरे दिन सुबह घर आया और पुरानी बातें भूलने को कहा। उसने जेब से ज्यूस से भरी थैली निकली और कहा कि यह पी लें। उसने जब ज्यूस पीने से मना किया, तो पति ने जबरन ज्यूस पिलाया। पति ने यह भी बताया था कि ज्यूस में गायत्री ने जहरीले इंजेक्शन मिलाए हैं।

पहले भी जहर पिला चुका है गजेंद्र: पुलिस के अनुसार दो वर्ष पूर्व भी गजेंद्र ने हेमलता को गायत्री के साथ प्रेम प्रसंग के चलते उसे जहर पिलाया था, लेकिन उपचार के बाद वह बच गई। हेमलता ने मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए बयान से पूर्व ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस को बयान दिए थे, जिसमें उसने बताया कि पति के साथ ही ससुराल वाले भी दहेज के लिए उसे परेशान करते थे तथा मारपीट भी करते थे।

ननिहाल वालों ने रिश्ता तोड़ा: हेमलता के पति गजेंद्र से संबंध रखने पर गायत्री से ननिहाल वालों ने चार वर्ष पूर्व रिश्ता खत्म कर लिया था। गायत्री की मां व हेमलता की बड़ी बहन भंवरीदेवी से भी पीहर पक्ष के लोगों ने रिश्ता तोड़ दिया है। मृतका के भाई हरिसिंह ने बताया कि हमारा गायत्री व उसकी मां से कोई रिश्ता नहीं है और ना ही कोई रिश्ता रखना चाहते हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: