मुंबई. बॉलीवुड स्टार सलमान खान के खिलाफ जोधपुर की एक कोर्ट के नॉन बेलेबल वारंट जारी करने के बाद से लोगों को उनका अता-पता नहीं मिल रहा है। हालांकि कुछ सूत्रों ने शंका जताई है कि वे हैदराबाद चले गए हैं।
सलमान के बारे में जब जानने के लिए उनके घर फोन किया गया, तो वहां से कोई सुनिश्चित जवाब नहीं मिला। सलमान के दोस्तों को भी उनके मुंबई में होने या न होने की जानकारी नहीं थी। हालांकि अनुमान लगाए जा रहे हैं कि सलमान शायद हैदराबाद चले गए हैं। मगर इस बात की पुष्टि सलमान के घरेलू सूत्रों ने नहीं की।
जोधपुर के जिला और सैशन कोर्ट ने आज सलमान खान की उस याचिका को खारिज कर दिया था जिसमें उन्होंने सजा न दिए जाने की मांग की थी। सलमान खान को 1999 में चिंकारा के शिकार के एक मामले में आरोपी ठहराया गया था। इसके बाद पिछले साल उन्हें लोकल कोर्ट ने दोषी करार दिया और इसके बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट जारी किए गए।
जब जज कमलराज सिंघवी ने आज सलमान खान की याचिका खारिज की तो सलमान कोर्ट रूम में मौजूद नहीं थे।