|
बीकानेर: बज्जाू के चारणवाला गांव में एक व्यक्ति के सिर में लाठी मारकर हत्या कर दी गई। बज्जाू पुलिस थाने के एसएचओ फूलचन्द मीणा ने बताया कि चारणवाला निवासी श्रीराम नायक व बलदेव बावरी गुरुवार को दोपहर के समय 2केएचएम में खेत पर जा रहे थे। इस दौरान चेननाथ ने उन्हें रोका और श्रीराम के सिर में लाठी मार दी। लाठी के वार से श्रीराम गंभीर रूप से घायल हो गया और चेननाथ वहां से फरार हो गया। श्रीराम को देर रात पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां इलाज के दौरान शुक्रवार को सुबह उसकी मौत हो गई।
श्रीराम मूल रूप से पांचू में पिथरासर गांव का रहने वाला है। वह चारणवाला में विजयसिंह का खेत काश्त करता है। विजयसिंह ने बज्जाू पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज करवाया है। अभियुक्त की तलाश की जा रही है। श्रीराम का शव पीबीएम अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार हत्या की वजह पता नहीं चल पाई है लेकिन गांव के लोगों का कहना है कि श्रीराम व चेननाथ की बहिन में अनबन हुई थी। इसकी जानकारी मिलने पर गुस्साए चेननाथ ने श्रीराम पर लाठी से हमला कर दिया। मामले की जांच लूणकरणसर एसएचओ गोपालसिंह कर रहे हैं।