News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati सीकर: अपने रिश्तेदारों से मिलने व शादी ब्याह में आए एक दर्जन पाक नागरिक साढ़े सात साल से लापता है। पुलिस इन पाक नागरिकों की तलाश कर रही है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विजीटर वीजा पाक नागरिक अपने रिश्तेदारों से मिलने व शादी-ब्याह में आते रहते हैं। जिले में प्रवेश के बाद उनको पुलिस की विशेष शाखा में अपना पंजीयन करवाना पड़ता है। रिश्तेदार की गारंटी दिलानी पड़ती है कि वे वीजा अवधि समाप्त होने के बाद एक निश्चित समय पर यहां से पाकिस्तान के लिए रवाना हो जाएंगे। विशेष शाखा में पंजीयन के बाद जहां पाक नागरिक ठहरते हैं, वहां की थाना पुलिस उनकी निगरानी करती है।
पाक नागरिक बिना पुलिस को सूचना दिए उस स्थान को छोड़कर अन्य किसी स्थान पर नहीं जा सकते।जिले में वर्ष 2000 व 2001 में रिश्तेदारों से मिलने आए पाक नागरिकों में से छह महिला व छह पुरुषों ने वापसी के लिए अभी तक पुलिस की विशेष शाखा में अपना पंजीयन नहीं कराया है और ना ही संबंधित थाने को कोई सूचना दी है। एक दर्जन पाक नागरिक यहां आकर लापता हो गए। साढ़े सात साल से लापता इन पाक नागरिकों का अभी तक कहीं सुराग नहीं मिला है। ना ही इन पाक नागरिकों के निष्क्रमण की कोई सूचना इमिग्रेशन चैक पोस्टों पर मिली है।
पुलिस ने इन लापता एक दर्जन पाक नागरिकों की तलाश के लिए मुख्यालय को सूचना भेज रखी है। जहां से सभी इमिग्रेशन चैक पोस्टों व थानों में इसकी जानकारी दी जाती है। अगर लापता पाक नागरिक किसी भी इमीग्रेशन चैक पोस्ट से देश से बाहर जाते हैं तो उनकी सूचना पुलिस मुख्यालय व संबंधित पंजीयन कार्यालय को भेज दी जाती है।
पाक नागरिकों की गारंटी देने वाले उनके रिश्तेदार भी यह कहकर बच निकलते हैं कि उन्होंने तो पाक नागरिक को वापस रवाना कर दिया था। यहां आकर लापता होने वाले पाक नागरिक पुलिस के लिए सिरदर्द बन गए हैं। फिलहाल संबंधित थाना पुलिस को अन्य मामलों के साथ गोपनीय ढंग से पाक नागरिकों की भी तलाश करनी पड़ रही है।
* वर्ष 2000-01 में लापता हुए एक दर्जन पाक नागरिकों की तलाश की जा रही है। वहीं उनकी सूचना मुख्यालय, विदेशी पंजीयन अधिकारियों व इमीग्रेशन चैकपोस्टों को भेजी गई है।
—आलोक वशिष्ठ एसपी