शिमला :
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बेटी प्रियंका गांधी ने शिमला के बाहरी हिस्से छाराब्रा में जमीन खरीदकर अपनी दादी अम्मा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की ख्वाहिशों को पूरा कर दिया है। यहां के तहसिलदार जीएस नेगी ने बताया कि इस जमीन की रजिस्ट्री कल शाम 46.79 लाख रुपए में प्रियंका वढेरा के नाम से हुई। यह जमीन एक स्थानीय व्यापारी की थी।
शिमला से 11 किलोमीटर की दूरी पर चार बीघा और पांच बिस्वा का यह प्लॉट कल्याणी हैलीपैड से नीचे छाराब्रा में स्थित है। नेगी ने कहा चेक द्वारा पेमेंट के अतिरिक्त रजिस्ट्री के लिए 2.34 लाख रुपए के स्टांप पेपर और 25 हजार रुपए रजिस्ट्री शुल्क का भुगतान किया गया। प्रियंका ने इस जमीन की खरीददारी के क्रम सभी आवश्यक कामों की जिम्मेदारी शिमला कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केहर सिंह को सौंप दिया था।
केहर ने बताया कि इंदिरा जी को यह जगह काफी पंसद थी और वे इस पहाड़ी इलाके में जमीन लेना चाहती थीं। यह काफी अच्छा है कि प्रियंका ने अपनी दादी की इच्छा का पूरा किया। इस प्लॉट में एक दो मंजिली इमारत भी है जिसकी कीमत पांच लाख रुपए आंकी गई है। केहर सिंह ने बताया कि प्लॉट का नक्शा पास होते ही पूर्व निर्मित इमारत को गिराकर नया कंस्ट्रक्शन शुरू किया जाएगा।
राजस्व विभाग ने भूमि सुधार अधिनियम के सेक्शन 118 में कुछ ढील देते हुए यह जमीन प्रियंका को देने की अनुमति प्रदान की है। भूमि सुधार अधिनियम के सेक्शन 118 के मुताबिक गैरखेतिहर लोग हिमाचल प्रदेश में जमीन नहीं ले सकते हैं।