जोधपुर:
फिल्म अभिनेता सलमान खान को शिकार मामले में जोधपुर एयपोर्ट पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले सलमान जोधपुर में आत्मसमर्पण करने के लिए मुंबई से रवाना हुए थे।
सलमान ने निचली अदालत से मिली पांच साल कैद की सजा के खिलाफ याचिका दाखिल की थी जिसे शुक्रवार को कोर्ट ने खारिज कर दिया था। सलमान मुंबई से साढ़े 11 बजे की उड़ान से जोधपुर के लिए रवाना हुए थे। सलमान के साथ उनके भाई सोहेल खान और वकील दिपेश मेहता भी थे।
जेट एयरवेज के विमान से एयरपोर्ट पर उतरते ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के मुद्दे पर सलमान के वकील और पुलिस के बीच हल्की बहस भी हुई। सलमान के वकील का कहना था कि वे कोर्ट में आत्मसर्पण करने जा रहे हैं इसलिए अभी गिरफ्तार नहीं किया जाए जबकि पुलिस अधिकारियों का कहना था कि उनके पास कोर्ट द्वारा जारी वारंट है जिसके आधार पर वे सलमान को गिरफ्तार कर रहे है। सलमान को पुलिस की गाड़ी में बिठाकर कोर्ट परिसर तक लाया गया।
जोधपुर के लिए रवाना से पहले अपने निवास के बाहर सलमान ने कहा कि वारंट जारी हुआ है और मैं अपने वकीलों की सलाह पर जोधपुर सरेंडर करने जा रहा हूं।
सलमान ने कहा कि ऐसा करने के लिए उन्हें किसी ने मजबूर नहीं किया है लेकिन एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते वे जोधपुर जा रहे हैं। साथ ही उन्होंने कानून की मर्यादा को समझने की भी बात कही।
गौरतलब है कि 1998 के इस शिकार के मामले में सलमान के खिलाफ एक निचली अदालत द्वारा अप्रैल 2006 में दिए गए पांच साल की सजा को बरकरार रखते हुए कल सेशन कोर्ट ने सलमान को गिरफ्तार करने के लिए वारंट जारी कर दिया था और पुलिस से उसकी तामीली करने को कहा था।